2 नवंबर को नवा रायपुर के सेंध लेक क्षेत्र में होगा भव्य एयर शो, पांच हेलीकॉप्टर दिखाएंगे हैरतअंगेज करतब
रायपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से राजधानी रायपुर स्थित उनके निवास कार्यालय में भारतीय वायु सेना की प्रतिष्ठित सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम के सदस्यों ने सौजन्य मुलाकात की। इस अवसर पर टीम के सदस्यों ने मुख्यमंत्री को स्मृति चिह्न भेंट किया। मुख्यमंत्री ने टीम का आत्मीय स्वागत करते हुए राज्योत्सव में उनकी सहभागिता को प्रदेश के लिए गौरव का विषय बताया।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि भारतीय वायु सेना अपने अदम्य साहस, अनुशासन और उत्कृष्ट कार्यकुशलता के लिए विश्वभर में सम्मानित है। सारंग टीम का हवाई प्रदर्शन इन गौरवशाली परंपराओं का परिचय कराएगा। यह आयोजन विशेष रूप से युवाओं और विद्यार्थियों को बड़े सपने देखने तथा राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करेगा। उन्होंने कहा कि स्वदेशी तकनीक से विकसित ‘ध्रुव’ हेलीकॉप्टरों के माध्यम से होने वाला प्रदर्शन भारत की तकनीकी क्षमता और रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता का प्रतीक है। सारंग टीम के पायलटों का साहस, सटीकता और आपसी समन्वय युवाओं को अनुशासन और टीम भावना का महत्व भी समझाएगा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री के सलाहकार श्री आर. कृष्णा दास तथा प्रेस अधिकारी श्री आलोक सिंह उपस्थित थे।
2 नवंबर को सुबह 11 बजे से होगा एयर शो
छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर 2 नवंबर को नवा रायपुर अटल नगर के सेंध लेक क्षेत्र में भव्य एयर शो आयोजित किया जाएगा। सुबह 11 बजे से शुरू होने वाले इस प्रदर्शन में पांच हेलीकॉप्टर आकर्षक संरचनाओं, समन्वित उड़ानों और रोमांचक हवाई करतबों का प्रदर्शन करेंगे। यह एयर शो राज्योत्सव के प्रमुख आकर्षणों में शामिल होगा।
ग्रुप कैप्टन अभिजीत कुमार करेंगे टीम का नेतृत्व
सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम का नेतृत्व ग्रुप कैप्टन अभिजीत कुमार करेंगे। टीम में स्क्वाड्रन लीडर सुश्री अंकिता और स्क्वाड्रन लीडर सुश्री अक्षया सहित दो महिला पायलट भी शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने महिला पायलटों की सहभागिता पर प्रसन्नता जताते हुए कहा कि उनकी उपलब्धियां छत्तीसगढ़ की बेटियों को विमानन और रक्षा सेवाओं में अपना भविष्य बनाने के लिए प्रेरित करेंगी। उन्होंने कहा कि आज देश की बेटियां हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा और क्षमता का प्रदर्शन कर रही हैं। ग्रुप कैप्टन श्री कुमार ने राज्योत्सव में शामिल होने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि सारंग टीम का उद्देश्य हवाई करतबों के माध्यम से दर्शकों को रोमांचित करने के साथ युवाओं में आत्मविश्वास, अनुशासन और राष्ट्रसेवा की भावना विकसित करना भी है। सारंग टीम अपने विशिष्ट उड़ान कौशल और उत्कृष्ट सामूहिक समन्वय के लिए प्रसिद्ध है। इसके हेलीकॉप्टरों का आकर्षक रंग संयोजन भारत के राष्ट्रीय पक्षी मोर से प्रेरित है। पांच हेलीकॉप्टरों की एक साथ सटीक उड़ान और बदलती संरचनाएं दर्शकों के लिए मनोहारी दृश्य प्रस्तुत करती हैं। मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि यह एयर शो प्रदेशवासियों में भारतीय वायु सेना के प्रति सम्मान और गौरव की भावना को मजबूत करेगा तथा युवाओं को राष्ट्र निर्माण में योगदान देने के लिए प्रेरित करेगा।
करम परब जनजातीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर, इसका संरक्षण हमारी जिम्मेदारी : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

