कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) की छात्राओं के साथ कथित दुर्व्यवहार के मामले को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। राष्ट्रीय एवं प्रदेश नेतृत्व के निर्देश पर भाजपा महिला मोर्चा के आह्वान कोरबा के टीपी नगर में धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया। इसके बाद कांग्रेस कार्यालय का घेराव कर मामले में कार्रवाई की मांग उठाई गई।

प्रदर्शन का नेतृत्व भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी ने किया। इस दौरान महापौर संजू देवी राजपूत विशेष रूप से उपस्थित रहीं। महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष प्रीति स्वर्णकार के नेतृत्व में बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ताओं और पार्टी पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया। प्रदर्शनकारियों ने महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और गरिमा से जुड़े मुद्दों पर अपनी बात रखते हुए संबंधित मामले में जवाबदेही तय करने की मांग की। भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी ने कहा कि नवरात्रि जैसे पावन पर्व पर मातृशक्ति के सम्मान और सुरक्षा का विषय विशेष महत्व रखता है। उन्होंने आरोप लगाया कि जेएनयू की छात्राओं की शिकायत और मामले में कार्रवाई के बावजूद कांग्रेस की चुप्पी कई सवाल खड़े करती है। उन्होंने कहा कि महिलाओं के सम्मान से जुड़े मामलों में सभी राजनीतिक दलों को स्पष्ट रुख अपनाना चाहिए। गोपाल मोदी ने कहा कि भारतीय संस्कृति में नारी को विशेष सम्मान दिया गया है। महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार किसी भी परिस्थिति में स्वीकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने संबंधित सांसद के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि भाजपा महिलाओं के सम्मान और स्वाभिमान की रक्षा के लिए अपनी आवाज उठाती रहेगी।
सांसद की जवाबदेही भी तय हो : संजू देवी राजपूत
महापौर संजू देवी राजपूत ने कहा कि जेएनयू की छात्राओं के साथ कथित दुर्व्यवहार के विरोध में महिला मोर्चा सड़क पर उतरा है। उन्होंने संबंधित व्यक्ति को पद से हटाने के साथ सांसद के रूप में उनकी जवाबदेही तय करने की मांग की। उन्होंने कहा कि महिलाओं और छात्राओं के सम्मान से जुड़े मामलों में उचित कार्रवाई जरूरी है। महिला मोर्चा इस मुद्दे पर अपना विरोध जारी रखेगा।
नारी सम्मान से समझौता नहीं : प्रीति स्वर्णकार
भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष प्रीति स्वर्णकार ने कहा कि महिलाओं का सम्मान किसी राजनीतिक दल तक सीमित विषय नहीं है, बल्कि यह देश की संस्कृति, सभ्यता और आत्मसम्मान से जुड़ा सवाल है। उन्होंने कहा कि छात्राओं से जुड़े गंभीर आरोपों के मामले में जवाबदेही तय की जानी चाहिए और संबंधित सांसद के विरुद्ध उचित कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि महिलाओं के सम्मान और स्वाभिमान से किसी भी परिस्थिति में समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।
भाजपा के पदाधिकारी और कार्यकर्ता रहे मौजूद
प्रदर्शन में राज्य हाथकरघा संघ के अध्यक्ष भोजराम देवांगन, जिला महामंत्री संजय शर्मा एवं अजय विश्वकर्मा, जिला कोषाध्यक्ष अजय पांडेय, जिला उपाध्यक्ष योगेश जैन एवं रुक्मणी नायर, जिला मंत्री सतीश झा एवं अजय कंवर, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष प्रीति स्वर्णकार, प्रदेश मंत्री संतोषी दीवान सहित अर्जुन गुप्ता, मनोज राठौर, शैलेन्द्र यादव, संजय राठौर, प्रदीप सिंह, नीरज ठाकुर, अविनाश दुबे, कुलसिंह कंवर, राजेश लहरे, रामनारायण सराफ, बीडी शर्मा, मंडल अध्यक्ष डिलेन्द्र यादव, योगेश मिश्रा, मनोज लहरे और मनीष मिश्रा सहित भाजपा के विभिन्न पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। प्रदर्शन के माध्यम से भाजपा महिला मोर्चा ने महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और गरिमा की रक्षा का मुद्दा उठाते हुए संबंधित मामले में कड़ी कार्रवाई तथा जवाबदेही तय करने की मांग दोहराई।

