राजनांदगांव के चौथना गांव में वारदात, मृतकों के रिश्तेदार ही निकले आरोपी; सबूत मिटाने की भी कोशिश
राजनांदगांव (AkhandBharatHNKP.Com)। छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले के डोंगरगढ़ थाना क्षेत्र के चौथना गांव में जादू-टोना करने के संदेह में मां-बेटे की हत्या का मामला सामने आया है। आरोपियों ने परिवार की बेटी पर भी धारदार हथियार से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। पुलिस ने मामले में एक ही परिवार के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, मृतका कमला सोनकर के परिवार में कुछ लोगों की तबीयत खराब रहने को लेकर जादू-टोना किए जाने का शक था। इसी बात को लेकर परिवार में विवाद चल रहा था। इसी संदेह के चलते आरोपियों ने कथित तौर पर घर में घुसकर कमला सोनकर और उनके बेटे खुमेन्द्र सोनकर पर लोहे की कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। हमले में दोनों की मौत हो गई, जबकि बेटी ममता सोनकर गंभीर रूप से घायल हो गई। जानकारी के मुताबिक, कमला सोनकर का परिवार चौथना गांव में रहता था और सब्जी बेचकर जीवनयापन करता था। 9 अक्टूबर को कमला के पति सुखी सोनकर घर पहुंचे तो अंदर पत्नी कमला और बेटे खुमेन्द्र के शव मिले। बेटी ममता गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़ी थी। घर का दृश्य देखकर परिवार और गांव में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल ममता को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डोंगरगढ़ पहुंचाया। उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद रायपुर रेफर कर दिया गया। वारदात के समय कमला का पति घर से बाहर था।
परिवार के विवाद से खुला हत्या का मामला
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच के लिए टीम गठित की। घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए गए और परिवार के सदस्यों सहित संदिग्धों से जुड़ी जानकारी एकत्र की गई। जांच के दौरान परिवार में चल रहे विवाद और जादू-टोने के संदेह की बात सामने आई। पुलिस ने संदेह के आधार पर हेमंत कुमार सोनकर (36) की तलाश शुरू की। उसे 12 अक्टूबर को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस के अनुसार, पूछताछ और जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर उसके भाई सोनू सोनकर (34) तथा मां केशर सोनकर (55) की भूमिका भी सामने आई। इसके बाद तीनों को गिरफ्तार कर लिया गया।
हत्या के बाद सबूत मिटाने की कोशिश
पुलिस के मुताबिक, वारदात के बाद आरोपियों ने साक्ष्य मिटाने का प्रयास किया। इसके लिए घटना के समय पहने गए कपड़ों और कुल्हाड़ी के लकड़ी के बेंट को जलाने की कोशिश की गई। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल लोहे की कुल्हाड़ी और मोटरसाइकिल बरामद की है। कपड़ों और हथियार के लकड़ी के बेंट को जलाने के प्रयास से जुड़े अवशेष भी मिले हैं। पुलिस का कहना है कि मामले में साजिश और साक्ष्य मिटाने से जुड़े तथ्यों के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 61(2) और 238 भी जोड़ी गई है। फिलहाल पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
जादू-टोने के शक में बुजुर्ग दंपती की कुल्हाड़ी से हत्या, महिला के जेवर भी लूटे, आरोपी गिरफ्तार

