महादेव बेटिंग ऐप केस : स्पोर्ट्स प्रेजेंटर शेफाली बग्गा से ED की 5 घंटे पूछताछ, आरोपों से किया इनकार

      Date:

      रायपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। महादेव ऑनलाइन बेटिंग ऐप और उससे जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले की जांच में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने गुरुवार को स्पोर्ट्स प्रेजेंटर और ‘बिग बॉस 13’ की पूर्व प्रतिभागी शेफाली बग्गा से करीब पांच घंटे तक पूछताछ की। कई समन के बाद रायपुर स्थित ईडी के क्षेत्रीय कार्यालय पहुंचीं शेफाली ने एजेंसी के सवालों के जवाब दिए और बाहर निकलने के बाद अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया।

          जांच एजेंसी के अनुसार, शेफाली बग्गा का नाम महादेव ऑनलाइन बुक नेटवर्क से जुड़े कथित हवाला ऑपरेटर खंजन जगदीश कुमार ठक्कर से जुड़े मामले में सामने आया है। ईडी इस संबंध में दोनों के बीच कथित आर्थिक लेन-देन और संपर्कों की जांच कर रही है। ईडी का दावा है कि शेफाली बग्गा विदेश, विशेषकर दुबई और लंदन से संचालित ऑनलाइन बेटिंग ऐप्स का प्रचार करती थीं। जांच के दौरान एजेंसी को ऐसे डिजिटल साक्ष्य और प्रचार सामग्री मिली है, जिनमें कथित तौर पर बेटिंग प्लेटफॉर्म का प्रमोशन किया गया है।

          टेलीग्राम चैनल भी जांच के दायरे में

          एजेंसी के मुताबिक, शेफाली बग्गा से जुड़े एक टेलीग्राम चैनल के जरिए कथित रूप से बेटिंग कोड, प्रमोशनल लिंक और टिप्स साझा किए जाते थे। ईडी अब यह पता लगाने में जुटी है कि क्या उन्हें महादेव बेटिंग सिंडिकेट या उससे जुड़े लोगों से किसी प्रकार का आर्थिक लाभ मिला था। इसके लिए डिजिटल रिकॉर्ड और वित्तीय लेन-देन की भी जांच की जा रही है।

          शेफाली ने आरोपों को बताया बेबुनियाद

          पूछताछ के बाद मीडिया से बातचीत में शेफाली बग्गा ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को निराधार और गलत बताते हुए कहा कि उनका किसी भी अवैध गतिविधि से कोई संबंध नहीं है। उन्होंने जांच में पूरा सहयोग करने की बात भी कही।शेफाली बग्गा स्पोर्ट्स एंकरिंग की दुनिया का चर्चित चेहरा हैं। वह कई प्रमुख क्रिकेट टूर्नामेंट की मेजबानी कर चुकी हैं और ‘बिग बॉस 13’ में प्रतिभागी के रूप में भी नजर आ चुकी हैं। सोशल मीडिया पर भी उनकी अच्छी-खासी लोकप्रियता है।

              Share post:

              Popular

              More like this
              Related