बालकोनगर में निकली भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा, श्रद्धालुओं ने खींचा रथ

      Date:

      बालकोनगर (AkhandBharatHNKP.Com)। भगवान जगन्नाथ की पावन रथयात्रा के अवसर पर गुरुवार को बालकोनगर भक्तिमय माहौल में डूब गया। उत्कल भारती समिति के तत्वावधान में आयोजित इस पारंपरिक उत्सव में हजारों श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर भगवान जगन्नाथ, देवी सुभद्रा और भगवान बलभद्र का आशीर्वाद प्राप्त किया।

          भगवान जगन्नाथ

          रथयात्रा में बालको के उप मुख्य कार्यकारी अधिकारी (धातु) निकेत श्रीवास्तव सहित कंपनी के वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी, उनके परिवारजन और बड़ी संख्या में नगरवासी शामिल हुए। विधि-विधान से पूजा-अर्चना के बाद भगवान जगन्नाथ, देवी सुभद्रा और भगवान बलभद्र को सुसज्जित रथ पर विराजमान कर यात्रा का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर निकेत श्रीवास्तव ने भगवान जगन्नाथ की पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की तथा श्रद्धालुओं के साथ स्वयं रथ खींचकर इस धार्मिक परंपरा में सहभागिता निभाई। पूरे मार्ग में “जय जगन्नाथ” के जयघोष से वातावरण भक्तिमय बना रहा। रथयात्रा के दौरान कर्मा नृत्य दल की मनमोहक प्रस्तुति, पारंपरिक वाद्ययंत्रों की मधुर धुन और भक्ति संगीत ने श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने आयोजन की गरिमा को और बढ़ा दिया। राम मंदिर से प्रारंभ हुई रथयात्रा बालकोनगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए रामलीला मैदान स्थित श्री गुंडिचा मंदिर पहुंची, जहां भगवान जगन्नाथ, देवी सुभद्रा और भगवान बलभद्र की विधिवत स्थापना कर विशेष पूजा-अर्चना संपन्न कराई गई।

          45 वर्षो से लगातार आयोजन 

          आयोजन समिति ने बताया कि 16 जुलाई से 24 जुलाई तक श्री गुंडिचा मंदिर में प्रतिदिन विशेष पूजा-अर्चना, भजन-कीर्तन, महाप्रसाद वितरण एवं विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। बालकोनगर में पिछले 45 वर्षों से भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा का आयोजन लगातार किया जा रहा है। यह आयोजन धार्मिक आस्था के साथ-साथ सामाजिक समरसता, सांस्कृतिक विरासत और सामुदायिक एकता का प्रतीक बन चुका है।

          पुरी की तर्ज पर रायपुर में निकलेगी भगवान जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा, राज्यपाल और मुख्यमंत्री निभाएंगे ‘छेरा पहरा’ की परंपरा

              Share post:

              Popular

              More like this
              Related