नेहरू सभागार में होगा समारोह, जनप्रतिनिधियों व प्रदेशभर के पत्रकारों की रहेगी मौजूदगी
कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। कोरबा प्रेस क्लब की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी (2026-28) का शपथ ग्रहण समारोह 23 जुलाई, गुरुवार को दोपहर 12 बजे पंडित जवाहरलाल नेहरू सभागार, रामपुर (कोरबा) में आयोजित किया जाएगा। समारोह में उप मुख्यमंत्री एवं कोरबा जिले के प्रभारी मंत्री अरुण साव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री लखन लाल देवांगन, भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सरोज पाण्डेय, पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल, कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल, रामपुर विधायक फूलसिंह राठिया, महापौर संजू देवी राजपूत, नगर निगम सभापति नूतन सिंह ठाकुर तथा जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक शामिल होंगे। समारोह में प्रेस क्लब के संरक्षक कमलेश यादव, अध्यक्ष नौशाद खान, उपाध्यक्ष राजकुमार शाह, सचिव दिनेश राज, उप सचिव हरीश तिवारी, कोषाध्यक्ष दुर्गेश श्रीवास्तव तथा कार्यकारिणी सदस्य राजेश कुमार मिश्रा (मिट्ठू), नवाब हुसैन और आकाश शर्मा सहित पूरी कार्यकारिणी पद एवं गोपनीयता की शपथ लेगी।
प्रदेशभर के पत्रकार होंगे शामिल
शपथ ग्रहण समारोह में रायपुर प्रेस क्लब और बिलासपुर प्रेस क्लब के पदाधिकारियों के साथ प्रदेश के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में पत्रकारों की भागीदारी होगी। आयोजन को लेकर पत्रकारों और मीडिया जगत में उत्साह का माहौल है।कोरबा प्रेस क्लब ने जिले के जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, पत्रकारों, सामाजिक संगठनों और नागरिकों से समारोह में उपस्थित होकर नवनिर्वाचित कार्यकारिणी का उत्साहवर्धन करने की अपील की है।

