लटोरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का मामला, अस्पताल के कमरे में दोस्तों संग जाम छलकाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
सूरजपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले के लटोरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में ड्यूटी के दौरान शराब और चिकन पार्टी करने का मामला सामने आया है। अस्पताल के एक कमरे में फार्मासिस्ट और वार्ड बॉय अपने साथियों के साथ शराब पीते और चिकन पार्टी करते नजर आए। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों कर्मचारियों को निलंबित कर दिया है।

जानकारी के अनुसार, फार्मासिस्ट रंजीत जायसवाल और वार्ड बॉय प्रेम कुशवाहा मंगलवार को ड्यूटी के दौरान अस्पताल परिसर के एक कमरे में अपने साथियों के साथ शराब और चिकन पार्टी कर रहे थे। इसी दौरान कुछ लोगों ने मौके पर पहुंचकर वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वायरल वीडियो में चार लोग कुर्सियों पर बैठे दिखाई दे रहे हैं। उनके सामने रखी टेबल पर शराब की बोतल, डिस्पोजल गिलास, चिकन और सिगरेट का पैकेट साफ नजर आ रहा है। वीडियो बनाने और सवाल पूछने पर सभी लोग एक-एक कर कमरे से बाहर निकलते दिखाई देते हैं।
ग्रामीणों ने जताई नाराजगी, कार्रवाई की मांग
घटना सामने आने के बाद स्थानीय ग्रामीणों में भारी नाराजगी है। उनका कहना है कि अस्पताल जैसे संवेदनशील स्थान पर ड्यूटी के दौरान शराब पार्टी करना न केवल सेवा नियमों का उल्लंघन है, बल्कि मरीजों के प्रति गंभीर लापरवाही भी है। ग्रामीणों ने संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
सीएमएचओ ने किया तत्काल निलंबित
मामले को गंभीरता से लेते हुए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. कपिल देव पैकरा ने फार्मासिस्ट रंजीत जायसवाल और वार्ड बॉय प्रेम कुशवाहा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। सीएमएचओ ने कहा कि मामले की विभागीय जांच जारी है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे भी आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

