बच्चों पर टॉपर बनने का दबाव न डालें, उनकी प्रतिभा पहचानकर उन्हें आगे बढ़ने का अवसर दें : वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी

      Date:

      • बदलते भारत में युवाओं के लिए खुल रहे हैं सफलता के नए रास्ते, रुचि और क्षमता के अनुसार लक्ष्य तय करने की दी सलाह

      • रूंगटा पब्लिक स्कूल के वार्षिकोत्सव में विद्यार्थियों को दिया सफलता का मंत्र, अपने संघर्ष और जीवन यात्रा के अनुभव भी किए साझा

      रायपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने कहा कि बच्चों की सफलता को केवल परीक्षा के अंकों और स्कूल में प्राप्त स्थान से नहीं आंकना चाहिए। प्रत्येक बच्चे में कोई न कोई विशेष प्रतिभा होती है। जरूरत इस बात की है कि अभिभावक और शिक्षक उनकी रुचि, क्षमता तथा प्रतिभा को पहचानकर उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करें। जीवन में सफलता के लिए अंकों से अधिक आत्मविश्वास, धैर्य, जुनून और असफलताओं से सीखकर आगे बढ़ने का जज्बा महत्वपूर्ण है।

          वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी

          वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी भिलाई के कोहका स्थित रूंगटा पब्लिक स्कूल के वार्षिकोत्सव को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने विद्यार्थियों को जीवन में बड़े लक्ष्य निर्धारित करने और उन्हें हासिल करने के लिए निरंतर मेहनत करने की प्रेरणा दी। वित्त मंत्री ने अभिभावकों से आग्रह किया कि वे बच्चों पर स्कूल में टॉपर बनने का दबाव न डालें। इसके बजाय उनकी स्वाभाविक रुचि और क्षमताओं को समझकर उन्हें अपनी प्रतिभा के अनुरूप आगे बढ़ने का अवसर दें। उन्होंने कहा कि बच्चों के भीतर छिपी प्रतिभा को निखारने और उनमें आत्मविश्वास विकसित करने में अभिभावकों एवं शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि असफलता से निराश होने के बजाय उससे सीख लेकर आगे बढ़ना चाहिए। निरंतर प्रयास और आत्मविश्वास के साथ कठिन से कठिन लक्ष्य भी हासिल किए जा सकते हैं।

          https://www.dprcg.gov.in/post/1795793690/रायपुर-बच्चों-पर-टॉपर-बनने-का-दबाव-न-डालें-उनकी-प्रतिभा-को-पहचानकर-दें-उड़ान-वित्त-मंत्री-श्री-ओ-पी-चौधरी

          आज युवाओं के सामने अवसरों की कमी नहीं

          श्री चौधरी ने कहा कि आज का भारत पहले की तुलना में अधिक विकसित, आत्मविश्वासी और अवसरों से परिपूर्ण है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विभिन्न क्षेत्रों में युवाओं के लिए नए अवसर तैयार हुए हैं। अब बच्चों को केवल सरकारी नौकरी के लिए तैयार करने का दौर नहीं रहा। खेल, कला, संस्कृति, शिक्षा, विज्ञान, तकनीक, स्टार्टअप और उद्यमिता जैसे क्षेत्रों में भी आगे बढ़ने की अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने युवाओं से इन अवसरों को पहचानने और अपनी रुचि एवं क्षमता के अनुरूप लक्ष्य निर्धारित करने का आह्वान किया।

          संघर्षों से भरा रहा आईएएस बनने तक का सफर

          कार्यक्रम में वित्त मंत्री ने अपने बचपन और विद्यार्थी जीवन के संघर्षों को भी साझा किया। उन्होंने बताया कि वे एक छोटे से गांव से निकलकर पढ़ाई के लिए भिलाई आए थे। महज आठ वर्ष की उम्र में उनके पिता का निधन हो गया था। चौथी कक्षा तक शिक्षित उनकी माता ने कठिन परिस्थितियों में उनका पालन-पोषण किया और शिक्षा के लिए प्रेरित किया। कई चुनौतियों के बावजूद उन्होंने पढ़ाई जारी रखी और 22 वर्ष की उम्र में पहले ही प्रयास में भारतीय प्रशासनिक सेवा में चयनित हुए। लगभग 13 वर्षों तक प्रशासनिक सेवा में रहते हुए उन्होंने रायपुर, जांजगीर-चांपा और दंतेवाड़ा सहित विभिन्न जिलों में कलेक्टर एवं अन्य महत्वपूर्ण पदों पर सेवाएं दीं। इसके बाद उन्होंने राजनीति में कदम रखा। अपने अनुभवों के माध्यम से उन्होंने विद्यार्थियों को संदेश दिया कि परिस्थितियां चाहे कितनी भी कठिन क्यों न हों, दृढ़ संकल्प, निरंतर मेहनत और आत्मविश्वास के बल पर जीवन में बड़ी सफलता हासिल की जा सकती है।

          छत्तीसगढ़ में शिक्षा के क्षेत्र में बढ़ रहे नए अवसर

          वित्त मंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ में राष्ट्रीय स्तर के प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थानों की उपलब्धता से युवाओं के लिए शिक्षा और रोजगार के नए अवसर विकसित हो रहे हैं। प्रदेश में आईआईटी, आईआईएम, ट्रिपल आईटी, एम्स, एनआईटी और नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी के साथ निफ्ट, नाइलेट तथा नेशनल फॉरेंसिक साइंस यूनिवर्सिटी जैसे संस्थान युवाओं को बेहतर शैक्षणिक अवसर प्रदान कर रहे हैं। उन्होंने भिलाई और छत्तीसगढ़ को शिक्षा के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने, समय की मांग के अनुरूप नवीन पाठ्यक्रम शुरू करने तथा तकनीकी नवाचारों को बढ़ावा देने के लिए रूंगटा समूह के प्रयासों की सराहना की। कार्यक्रम में वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन, रूंगटा समूह के संचालक संजय रूंगटा, संतोष रूंगटा, चतुर्भुज राठी, राजेश चौहान सहित विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षक, अभिभावक और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित थे।

              Share post:

              Popular

              More like this
              Related