जशपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। जशपुर जिला अस्पताल के ड्रेसर किशोर कुमार चौहान का रिश्वत लेते वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने उसे तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है। वायरल वीडियो में वह 5 हजार रुपए लेते हुए नजर आ रहा है और 2 हजार रुपए और देने की बात भी कह रहा है।
बताया जा रहा है कि एक शासकीय कर्मचारी ने इलाज के खर्च की मेडिकल रिम्बर्समेंट राशि पास कराने के लिए आवेदन दिया था। आरोप है कि फाइल पास करने के एवज में ड्रेसर ने रिश्वत की मांग की थी। वीडियो सामने आने के बाद मामला अधिकारियों के संज्ञान में आया। सीएमएचओ डॉ. जी.एस. जात्रा ने कहा कि प्रथम दृष्टया मामला गंभीर पाया गया है। शासकीय सेवक द्वारा इस तरह की हरकत सेवा नियमों का उल्लंघन है और विभाग की छवि धूमिल करती है। इसी कारण आरोपी कर्मचारी को निलंबित किया गया है। निलंबन अवधि में उसका मुख्यालय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पत्थलगांव निर्धारित किया गया है। साथ ही पूरे मामले की विभागीय जांच के आदेश दिए गए हैं। दोष सिद्ध होने पर नियमानुसार कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
आरटीओ का बाबू रिश्वत लेते गिरफ्तार, एसीबी ने दबोचा

