कक्षा में सीखे ऊर्जा और विज्ञान के सिद्धांतों को संयंत्र में प्रत्यक्ष रूप से समझा, तकनीकी शिक्षा के प्रति बढ़ी रुचि
कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान के साथ व्यावहारिक शिक्षा से जोड़ने के उद्देश्य से शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सिमगा, विकासखंड पोड़ी-उपरोड़ा के छात्र-छात्राओं ने उड़ान परियोजना के तहत अडानी कोरबा पावर प्लांट, पताड़ी-उरगा का शैक्षणिक भ्रमण किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने बिजली उत्पादन की प्रक्रिया और आधुनिक तकनीक की कार्यप्रणाली को नजदीक से समझा।
विद्यालय के प्राचार्य सतीश प्रकाश सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित इस भ्रमण में विद्यार्थियों को कक्षा में पढ़ाए जाने वाले ऊर्जा एवं विज्ञान के सिद्धांतों के व्यावहारिक उपयोग की जानकारी दी गई। भ्रमण प्रभारी प्रेम शंकर साहू ने बिजली उत्पादन की आधुनिक तकनीक और विद्युत संयंत्र की कार्यप्रणाली से विद्यार्थियों को अवगत कराया। भ्रमण के दौरान छात्र-छात्राओं ने संयंत्र की विशाल मशीनों, पाइपलाइन, नियंत्रण कक्ष और आधुनिक कोयला प्रबंधन प्रणाली का अवलोकन किया। साथ ही औद्योगिक परिसर में सुरक्षा मानकों, अनुशासन, टीम भावना और कर्मचारियों की कार्यप्रणाली के बारे में भी जानकारी प्राप्त की।
प्राचार्य सतीश प्रकाश सिंह ने इस शैक्षणिक पहल के लिए अडानी फाउंडेशन और संयंत्र प्रबंधन के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि इस तरह के भ्रमण से ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों में तकनीकी शिक्षा के प्रति रुचि बढ़ती है। साथ ही उन्हें ऊर्जा, विज्ञान और अभियांत्रिकी के क्षेत्र में भविष्य के करियर विकल्पों को समझने का अवसर मिलता है। इस अवसर पर विद्यालय की व्याख्याता दिव्या कुजूर, रुक्मणी पुरैना और उमाशंकर टोंडे सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

