अंधेरे और भारी वाहनों की अव्यवस्थित पार्किंग को हादसे की वजह बताते हुए ग्रामीणों ने जताया आक्रोश, सड़क चौड़ीकरण और स्ट्रीट लाइट लगाने की मांग
कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। जिले के दीपका थाना क्षेत्र में दीपका-पाली मुख्य मार्ग पर सिरकी मोड़-बतारी के पास दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। सड़क किनारे खड़े ट्रेलर से बाइक टकराने के कारण यह हादसा हुआ। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों और मृतकों के परिजनों ने एसईसीएल प्रबंधन के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए करीब सात घंटे तक चक्काजाम किया। ग्रामीणों ने मार्ग पर पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था करने और भारी वाहनों की बेतरतीब पार्किंग पर रोक लगाने की मांग की।
जानकारी के अनुसार, सोमवार शाम करीब 6 से 7 बजे के बीच ग्राम तिवारता के तीन युवक आमापारा से बाइक पर सवार होकर अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान सिरकी मोड़-बतारी के पास अंधेरे में सड़क किनारे खड़े ट्रेलर से उनकी बाइक जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार सुनील आर्मो की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं भोलू मरकाम और मनमोहन मरकाम गंभीर रूप से घायल हो गए। भोलू मरकाम की हालत गंभीर होने पर पहले बिलासपुर और फिर रायपुर रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। तीसरे युवक मनमोहन मरकाम को मामूली चोटें आईं। दो युवकों की मौत से नाराज परिजनों और ग्रामीणों ने दीपका-पाली मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। ग्रामीणों का आरोप था कि एसईसीएल प्रबंधन द्वारा सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीरता नहीं बरती जा रही है। मार्ग पर पर्याप्त रोशनी नहीं होने के कारण रात के समय सड़क किनारे खड़े भारी वाहन दिखाई नहीं देते। इसके अलावा भारी वाहनों को बेतरतीब तरीके से सड़क किनारे खड़ा कर दिया जाता है, जिससे आए दिन दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है।
सड़क चौड़ीकरण और स्ट्रीट लाइट लगाने की मांग
प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने सिरकी मोड़ से के.के. पेट्रोल पंप तक सड़क का चौड़ीकरण कराने, नियमित रूप से पानी का छिड़काव करने और पूरे मार्ग पर पर्याप्त स्ट्रीट लाइट लगाने की मांग रखी। ग्रामीणों का कहना था कि जब तक सड़क सुरक्षा से जुड़ी समस्याओं का समाधान नहीं किया जाएगा, तब तक हादसों पर प्रभावी रोक लगाना मुश्किल होगा। चक्काजाम के चलते मुख्य मार्ग पर करीब सात घंटे तक आवागमन बाधित रहा और वाहनों की लंबी कतार लग गई।
अधिकारियों के आश्वासन के बाद समाप्त हुआ चक्काजाम
घटना और प्रदर्शन की सूचना मिलने पर एसडीएम, दीपका एवं हरदीबाजार के तहसीलदार, दीपका थाना प्रभारी तथा एसईसीएल के अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों और मृतकों के परिजनों से चर्चा कर उनकी मांगों को सुना। प्रशासन की ओर से पीड़ित परिवार को सहयोग राशि भी प्रदान की गई। अधिकारियों द्वारा आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने के बाद ग्रामीणों ने चक्काजाम समाप्त किया और मार्ग पर आवागमन बहाल हो सका।
सड़क हादसे में कॉन्स्टेबल के परिवार सहित 6 लोगों की दर्दनाक की मौत, 3 गंभीर रूप से घायल

