दुर्ग जिले के बोरी थाना क्षेत्र में मिलन चौक के पास हुआ हादसा, दोनों घायलों को रायपुर के मेकाहारा अस्पताल भेजा गया; विधायक के पति बोले- घटना के बाद घबरा गई थीं यशोदा वर्मा
खैरागढ़ (AkhandBharatHNKP.Com)। दुर्ग जिले के बोरी थाना क्षेत्र में सोमवार शाम कांग्रेस विधायक यशोदा वर्मा की कार और बाइक के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों के बाएं पैर में गंभीर चोट आई है। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए रायपुर के मेकाहारा अस्पताल रेफर किया गया है।
घटना के बाद विधायक यशोदा वर्मा अपनी क्षतिग्रस्त कार को मौके पर छोड़कर दूसरी बाइक से रवाना हो गईं। इस घटनाक्रम को लेकर स्थानीय लोगों ने घायलों की मदद और हादसे के बाद विधायक के मौके से जाने पर सवाल उठाए हैं। वहीं विधायक के पति नीलांबर वर्मा का कहना है कि घटना के बाद विधायक घबरा गई थीं। जानकारी के अनुसार, हादसा मिलन चौक के पास हुआ। विधायक यशोदा वर्मा की कार खैरागढ़ की ओर जा रही थी। इसी दौरान लिटिया की तरफ से बोरी जा रहे बाइक सवार दो युवक सामने से आकर कार से टकरा गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जा रहा है कि दोनों युवक कुम्हारी क्षेत्र के निवासी हैं और लिटिया में अपने रिश्तेदार के यहां आए हुए थे।
दोनों घायलों को रायपुर किया गया रेफर
हादसे में घायल युवकों की पहचान शिव वर्मा (50) और हेमंत पटेल (45) के रूप में हुई है। दोनों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए रायपुर के मेकाहारा अस्पताल रेफर कर दिया गया। एसडीओपी धमधा बीएम तिग्गा ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मिलन चौक के पास विधायक की कार और बाइक सवारों के बीच आमने-सामने टक्कर हुई है। हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हुए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों और परिस्थितियों की जांच शुरू कर दी है।
पति बोले- सामने से आकर कार से टकराई बाइक
विधायक के पति नीलांबर वर्मा ने बताया कि बाइक सवार युवक सामने की ओर से आ रहे थे। उनके अनुसार, युवक के कार के पास पहुंचते ही वाहन रुक गया था, लेकिन बाइक कार से टकरा गई। उन्होंने कहा कि विधायक को कोई चोट नहीं आई है, हालांकि कार क्षतिग्रस्त हुई है। हादसे के बाद यशोदा वर्मा घबरा गई थीं, लेकिन अब उनकी स्थिति सामान्य है। उन्होंने यह भी बताया कि घायलों का उपचार कराया जा रहा है। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने विधायक के कार छोड़कर दूसरी बाइक से रवाना होने को लेकर सवाल उठाए हैं। लोगों का आरोप है कि हादसे के बाद घायलों की मदद के लिए मौके पर अपेक्षित पहल नहीं की गई। हालांकि विधायक के पति ने घायलों का उपचार कराए जाने की बात कही है। फिलहाल पुलिस दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुटी है।

