बंद मकान से दुर्गंध आने पर पड़ोसियों ने पुलिस को दी सूचना, दरवाजा तोड़ने पर सामने आया दिल दहला देने वाला मंजर; पोस्टमॉर्टम और फोरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार
रायपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। राजधानी रायपुर के टिकरापारा थाना क्षेत्र स्थित संजय नगर में एक ही परिवार के पांच सदस्यों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि बैटरी कारोबारी ने पहले पत्नी और तीन बच्चों को खाने में जहर दिया, फिर स्वयं फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। हालांकि मौत के वास्तविक कारण का खुलासा पोस्टमॉर्टम और फोरेंसिक जांच रिपोर्ट आने के बाद ही होगा।

पुलिस के अनुसार, संजय नगर निवासी किरायेदार सय्यद शाहिद उर्फ सज्जू (45) पिछले आठ महीने से परिवार के साथ रह रहा था। परिवार में पत्नी राबिया, बेटा इरशाद अली (19) तथा दो बेटियां शाहिदा (17) और इरशाबा बेगम (16) शामिल थीं। शाहिद पुरानी बैटरियों के खरीद-बिक्री का कारोबार करता था, जबकि उसका बेटा एक निजी कंपनी में कार्यरत था। बताया जा रहा है कि गुरुवार शाम के बाद से परिवार का कोई सदस्य बाहर दिखाई नहीं दिया। शुक्रवार को भी पूरे दिन घर बंद रहने और किसी प्रकार की हलचल नहीं होने पर पड़ोसियों को संदेह हुआ। रात में घर के भीतर से तेज दुर्गंध आने पर उन्होंने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही टिकरापारा पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया। अंदर का दृश्य बेहद भयावह था। शाहिद का शव फंदे से लटका मिला, जबकि पत्नी, बेटे और दोनों बेटियों के शव कमरे में जमीन पर पड़े थे। सभी के मुंह से झाग निकल रहा था।
कीटनाशक का डिब्बा और खाने का सामान मिला
घटनास्थल से पुलिस और फोरेंसिक टीम ने खाने-पीने का सामान तथा एक कीटनाशक का डिब्बा बरामद किया है। शुरुआती जांच के आधार पर आशंका है कि परिवार को भोजन में जहर दिया गया, जिसके बाद आरोपी ने आत्महत्या कर ली। पुलिस ने घटनास्थल को सील कर साक्ष्य एकत्रित किए हैं। पुलिस के मुताबिक, शाहिद मूल रूप से बिहार का निवासी था। उसका भाई जहीर अली रायपुर के कुकरीपारा क्षेत्र में रहता है, जिसने सभी शवों की पहचान की। पुलिस मकान मालिक और परिजनों से भी पूछताछ कर रही है ताकि घटना के पीछे की वजह स्पष्ट हो सके।
जांच जारी
पांचों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि मौत का वास्तविक कारण और घटना की पूरी परिस्थितियां पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट तथा फोरेंसिक जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेंगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।

