छह महीने से दहशत फैलाने वाले कबरा हाथी पर वन विभाग का शिकंजा, रेडियो कॉलर लगाकर रखी जा रही नजर

      Date:

      • 19 लोगों की जान ले चुके हाथी को रामगढ़ की पहाड़ी पर किया गया बेहोश, व्यवहार में सुधार नहीं हुआ तो भेजा जाएगा रेस्क्यू सेंटर

      सरगुजा (AkhandBharatHNKP.Com)। सरगुजा और सूरजपुर जिले में पिछले छह महीने से आतंक का पर्याय बने कबरा हाथी को आखिरकार वन विभाग की टीम ने काबू में कर लिया है। बुधवार को रामगढ़ की पहाड़ी पर करीब 600 फीट की ऊंचाई पर हाथी को ट्रैंकुलाइज कर रेडियो कॉलर लगाया गया। अब वन विभाग की टीम उसकी गतिविधियों और व्यवहार पर लगातार नजर रख रही है। अगले दो से तीन दिनों में उसके व्यवहार का आकलन करने के बाद उसे जंगल में छोड़ने या रेस्क्यू सेंटर भेजने का निर्णय लिया जाएगा।

          वन विभाग के अनुसार, कबरा हाथी कुछ समय पहले 17 हाथियों के झुंड में शामिल हो गया था। माना जा रहा है कि झुंड में शामिल होने के बाद उसके व्यवहार में कुछ बदलाव आया है। उसकी निगरानी और नियंत्रण के लिए अचानकमार से प्रशिक्षित कुमकी हाथी राजू को भी रामगढ़ लाया गया था। रेडियो कॉलर लगाए जाने से अब वन विभाग को उसकी लोकेशन और गतिविधियों की जानकारी मिलती रहेगी। कबरा हाथी पिछले छह महीनों से सरगुजा और सूरजपुर क्षेत्र के गांवों में दहशत का कारण बना हुआ था। इस दौरान उसके हमलों में 19 लोगों की मौत हो चुकी है। हाथी को सुरक्षित तरीके से काबू में करने के लिए वन विभाग की टीम पिछले पांच दिनों से लगातार अभियान चला रही थी। आखिरकार बुधवार को टीम को सफलता मिली।

          जंजीरों में बांधकर किया जा रहा व्यवहार का अध्ययन

          ट्रैंकुलाइज किए जाने के बाद हाथी को जंजीरों से बांधा गया है। वन विभाग के अधिकारी अगले दो दिनों तक उसके व्यवहार का अध्ययन करेंगे। यदि उसका आक्रामक रुख बरकरार रहता है तो उसे रेस्क्यू सेंटर भेजा जा सकता है। वहीं, यदि उसका व्यवहार सामान्य पाया जाता है और वह हाथियों के झुंड के साथ रहने लगता है, तो उसे सुरक्षित परिस्थितियों में जंगल में छोड़ने पर विचार किया जाएगा। दो दिनों बाद उसकी जंजीरें खोलने का निर्णय भी व्यवहार के आकलन के आधार पर लिया जाएगा।

          हाथियों के झुंड की मौजूदगी से गांवों में बनी रही दहशत

          मंगलवार रात हाथियों का झुंड तेंदूटिकरा के जंगल में डटा रहा। आसपास के गांवों में हाथियों की मौजूदगी की खबर से ग्रामीणों में भय का माहौल बना रहा। कड़ाके की ठंड के बावजूद लोग रातभर जागकर पहरा देते रहे और वन विभाग की टीम के साथ निगरानी में जुटे रहे। पांच दिनों तक चले अभियान के बाद कबरा हाथी को ट्रैंकुलाइज कर रेडियो कॉलर लगाने में मिली सफलता से प्रभावित गांवों के लोगों ने राहत की सांस ली है। हालांकि, हाथी को जंगल में छोड़े जाने या रेस्क्यू सेंटर भेजे जाने का अंतिम फैसला उसके व्यवहार की निगरानी के बाद ही होगा।

          सूरजपुर में हाथियों का आतंक : दीपावली की रात दो ग्रामीणों को उतरा मौत के घाट, दहशत में ग्रामीण

              Share post:

              Popular

              More like this
              Related