वाहन छोड़ने के बदले स्क्रैप कारोबारी से मांगी थी रिश्वत, एसीबी ने अधिकारी और उसके सहयोगी इमरान मेमन को किया गिरफ्तार
कांकेर (AkhandBharatHNKP.Com)। छत्तीसगढ़ के कांकेर में डेढ़ लाख रुपये की रिश्वत लेते पकड़ी गई राज्य जीएसटी विभाग की अधिकारी अंचला गिरी को निलंबित कर दिया गया है। एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने उन्हें एक स्क्रैप कारोबारी से वाहन छोड़ने के एवज में रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा था। कार्रवाई के दौरान पकड़े जाने के डर से अधिकारी और उसके सहयोगी ने नोटों के बंडल नाली में फेंक दिए थे। एसीबी की टीम ने शनिवार को अंचला गिरी और इमरान मेमन को गिरफ्तार किया था। फिलहाल दोनों से पूछताछ की जा रही है।
राज्य कर विभाग ने अंचला गिरी के निलंबन का आदेश जारी करते हुए उनका मुख्यालय जगदलपुर संभाग स्थित राज्य कर संयुक्त आयुक्त कार्यालय निर्धारित किया है। निलंबन अवधि के दौरान उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा। शिकायतकर्ता स्क्रैप कारोबारी मोहम्मद शोएब रंगरेज के मुताबिक, 18 नवंबर को उनकी गाड़ी स्क्रैप लेकर जा रही थी। गाड़ी में माल से संबंधित बिल मौजूद होने के बावजूद उसे रोक लिया गया। कारोबारी का आरोप है कि अंचला गिरी ने गाड़ी रुकवाकर 10 लाख रुपये की पेनाल्टी लगाने की बात कही, जबकि वाहन में लदे माल की कीमत करीब तीन लाख रुपये थी। कारोबारी के अनुसार, अधिकारी ने गाड़ी जब्त करने और कार्रवाई करने की धमकी दी। इसके बाद मामला निपटाने के लिए पहले दो लाख रुपये की मांग की गई। बाद में डेढ़ लाख रुपये देने की बात तय हुई। इसमें से 50 हजार रुपये पेनाल्टी के रूप में जमा कराने और शेष एक लाख रुपये घर पहुंचकर देने की बात कही गई। एसीबी की कार्रवाई के दौरान अधिकारी और उसके सहयोगी ने पकड़े जाने के डर से रिश्वत की रकम नाली में फेंक दी। बाद में अधिकारी के घर के बाहर स्थित नाली से नोटों के बंडल बरामद किए गए। एसीबी की टीम ने मौके पर कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
इमरान मेमन के जरिए पहुंची थी रिश्वत की रकम
एसीबी की जांच में इमरान मेमन की भूमिका भी सामने आई है। आरोप है कि अंचला गिरी ने कारोबारी से रिश्वत की रकम इमरान मेमन के माध्यम से ली थी। इमरान मेमन (30) कांकेर के संजयनगर का निवासी है। एसीबी अधिकारी रमेश कुमार मरकाम के अनुसार, रिश्वत की रकम इमरान लेकर आया था और उसने ही यह राशि जीएसटी अधिकारी को दी थी। उसके खिलाफ भी भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 और 12 के तहत कार्रवाई की जा रही है।
निलंबन अवधि में जगदलपुर रहेगा मुख्यालय
रिश्वतखोरी के मामले में गिरफ्तारी के बाद राज्य कर विभाग ने अंचला गिरी को निलंबित कर दिया है। विभागीय आदेश के अनुसार, निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय राज्य कर संयुक्त आयुक्त कार्यालय, जगदलपुर संभाग रहेगा। इस अवधि में उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता प्रदान किया जाएगा। मामले में एसीबी की जांच और दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी है।

