कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। जिले के बांकीमोंगरा थाना क्षेत्र स्थित एसईसीएल के बलगी सब स्टेशन में शनिवार देर रात हथियारबंद नकाबपोश बदमाशों ने डकैती की वारदात को अंजाम दिया। 15 से 20 की संख्या में पहुंचे बदमाशों ने ड्यूटी पर तैनात सुरक्षा गार्ड पर लाठी, लोहे की रॉड और धारदार हथियारों से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। बदमाश गार्ड का मोबाइल और अन्य सामान लूटकर फरार हो गए। पूरी घटना सब स्टेशन में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
घायल सुरक्षा गार्ड संजय कुमार के मुताबिक, वह शनिवार रात की शिफ्ट में ड्यूटी पर तैनात थे। रात करीब 11:10 बजे 15 से 20 नकाबपोश बदमाश अचानक परिसर में घुस आए। बदमाशों ने बिना कुछ कहे उन पर ताबड़तोड़ हमला शुरू कर दिया। हमले में उनके सिर और हाथ में गंभीर चोटें आईं। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना के बाद घायल गार्ड को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। सुरक्षा गार्ड संजय कुमार ने बताया कि बलगी सब स्टेशन में पहले भी चोरी और घुसपैठ की घटनाएं हो चुकी हैं। इसके बावजूद रात के समय केवल एक ही सुरक्षा गार्ड की ड्यूटी लगाई जाती है, जिससे सुरक्षा व्यवस्था कमजोर बनी रहती है। उन्होंने बताया कि कुछ समय पहले अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए थे, लेकिन बाद में उन्हें हटा लिया गया। साथ ही परिसर में पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था नहीं होने से बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर आसानी से वारदात को अंजाम दे देते हैं।
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही बांकीमोंगरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। थाना प्रभारी चमन सिन्हा ने बताया कि पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश की जा रही है। मामले में विभिन्न पहलुओं से जांच जारी है।

