राष्ट्रीय राजमार्ग समेत सभी सड़कों और पुलों की मरम्मत के दिए निर्देश, लंबित निर्माण कार्य 15 अक्टूबर से युद्धस्तर पर शुरू करने कहा
रायपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। प्रदेश में बारिश के कारण खराब हुई सड़कों और पुलों की स्थिति को लेकर उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री अरुण साव ने नाराजगी जताई है। उन्होंने अधिकारियों को राष्ट्रीय राजमार्गों समेत प्रदेश की सभी क्षतिग्रस्त सड़कों और पुलों की मरम्मत का काम 15 अक्टूबर तक पूरा करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही जिन नए निर्माण कार्यों की निविदा प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, उन्हें 15 अक्टूबर से युद्धस्तर पर शुरू करने को कहा है।

उप मुख्यमंत्री साव ने नवा रायपुर स्थित लोक निर्माण विभाग के मुख्यालय ‘निर्माण भवन’ में प्रदेश के सभी परिक्षेत्रों के मुख्य अभियंताओं, मंडलों के अधीक्षण अभियंताओं और संभागों के कार्यपालन अभियंताओं की बैठक ली। इस दौरान उन्होंने प्रदेशभर में सड़कों और पुलों की मौजूदा स्थिति की विस्तृत जानकारी ली। उप मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को अगले दो-तीन दिनों में अपने-अपने कार्यक्षेत्र का दौरा कर सड़कों और पुलों की स्थिति का जायजा लेने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बारिश समाप्त होने के बाद क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार कर तत्काल काम शुरू किया जाए। उन्होंने कहा कि मरम्मत और रखरखाव के लिए जरूरत के अनुसार सभी संभागों को पर्याप्त राशि उपलब्ध कराई जाएगी। इसके लिए तत्काल निविदा प्रक्रिया पूरी कर एजेंसी तय करने के निर्देश भी दिए गए।साव ने सड़कों और पुलों के साथ डिवाइडरों की मरम्मत, साफ-सफाई और रंगाई-पुताई का काम भी सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने मैदानी अधिकारियों को सप्ताह में कम से कम दो-तीन दिन क्षेत्र में रहकर निर्माण और मरम्मत कार्यों की निगरानी करने के निर्देश दिए। बैठक में लोक निर्माण विभाग के सचिव मुकेश कुमार बंसल, प्रमुख अभियंता वी.के. भतपहरी, अपर सचिव एस.एन. श्रीवास्तव, छत्तीसगढ़ सड़क एवं अधोसंरचना विकास निगम के अतिरिक्त प्रबंध संचालक शशांक पाण्डेय सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। संभागों के कार्यपालन अभियंता वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से बैठक में शामिल हुए।
15 अक्टूबर से निर्माण कार्यों में आएगी तेजी
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन कार्यों की निविदा प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, उन्हें 15 अक्टूबर से पूरी गति के साथ शुरू किया जाए। निर्माण कार्यों के दौरान आम लोगों को कम से कम परेशानी हो, इसका विशेष ध्यान रखने को कहा गया है। उन्होंने अधिकारियों को निर्माण स्थलों पर सुरक्षा के सभी मानकों का कड़ाई से पालन कराने, जरूरत के अनुसार वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध कराने और पर्याप्त संकेतक लगाने के निर्देश दिए। प्रदर्शन गारंटी के अंतर्गत आने वाली सड़कों की मरम्मत और रखरखाव का काम संबंधित ठेकेदारों से तत्काल कराने को भी कहा गया।
गुणवत्ता और समयसीमा से समझौता नहीं
साव ने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और समयसीमा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बेहतर और गुणवत्तापूर्ण काम से लोक निर्माण विभाग की सकारात्मक छवि मजबूत होगी। अधिकारियों को निर्माण कार्यों की लगातार निगरानी करने और निर्धारित समय में काम पूरा कराने पर जोर दिया गया। उप मुख्यमंत्री ने सेवा संकल्प अभियान के दौरान ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के तहत लोक निर्माण विभाग के सभी कार्यालयों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कार्यालय परिसरों को गंदगी, कबाड़ और कूड़े-करकट से मुक्त रखने के साथ भवनों के बेहतर रखरखाव पर भी जोर दिया।
कौशल विकास से बढ़ता है आत्मविश्वास, युवाओं को मिले रोजगार के नए अवसर : अरुण साव

