रायपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने लोरमी में कौशल विकास प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे युवाओं से संवाद करते हुए कहा कि शिक्षा के साथ कौशल विकास आत्मविश्वास बढ़ाने और जीवन में सफलता हासिल करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने युवाओं को निरंतर सीखते रहने और अपने कौशल को समय के अनुसार विकसित करने के लिए प्रेरित किया।

उप मुख्यमंत्री ने प्रशिक्षण केंद्र का निरीक्षण कर वहां संचालित गतिविधियों का अवलोकन किया तथा प्रशिक्षणार्थियों से चर्चा कर उनके अनुभव जाने। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को उनकी रुचि और आवश्यकता के अनुरूप कौशल प्रशिक्षण उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। श्री साव ने बताया कि एसईसीएल के सहयोग से एक अप्रैल से 250 युवाओं को कंप्यूटर, सिलाई एवं ब्यूटी पार्लर से संबंधित प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रशिक्षणार्थियों में नए कौशल सीखने को लेकर उत्साह दिखाई दे रहा है, जो उनके बेहतर भविष्य की उम्मीद जगाता है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में केवल शैक्षणिक डिग्री पर्याप्त नहीं है, बल्कि किसी व्यावहारिक कौशल में दक्षता भी जरूरी है। डाटा एंट्री, ब्यूटीशियन, सिलाई जैसे प्रशिक्षण युवाओं को अतिरिक्त योग्यता प्रदान करते हैं, जिससे रोजगार और स्वरोजगार के अवसर बढ़ते हैं।
व्यक्ति के आत्मविश्वास को बढ़ाता है अतिरिक्त कौशल
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि कौशल विकास युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के साथ उनके व्यक्तित्व को भी सशक्त करता है। प्रशिक्षण पूरा होने के बाद भी सीखने की प्रक्रिया जारी रहनी चाहिए, क्योंकि निरंतर अभ्यास और ज्ञानार्जन ही सफलता की कुंजी है। उन्होंने कहा कि अतिरिक्त कौशल व्यक्ति के आत्मविश्वास को बढ़ाता है और उसे हर परिस्थिति में सम्मानपूर्वक जीवन जीने की क्षमता प्रदान करता है। यही आत्मविश्वास आगे बढ़ने और नए अवसरों को हासिल करने की सबसे बड़ी ताकत बनता है।
पेयजल संकट, अवैध प्लॉटिंग और निर्माण पर सख्त हुए उपमुख्यमंत्री अरुण साव

