कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। गर्मी की छुट्टियों और यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने तीन प्रमुख रूटों पर समर स्पेशल ट्रेनों के संचालन का फैसला लिया है। इससे यात्रियों को कंफर्म सीट, कम वेटिंग और आरामदायक यात्रा की सुविधा मिलेगी।
रेलवे द्वारा कोरबा–बेंगलुरु, खड़गपुर–पुणे और आद्रा–मुंबई रूट पर विशेष ट्रेनें चलाई जाएंगी। इन ट्रेनों का लाभ छत्तीसगढ़ के यात्रियों को भी मिलेगा, क्योंकि इनका ठहराव रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर, रायगढ़ सहित कई प्रमुख स्टेशनों पर रहेगा। गाड़ी संख्या 08261/08262 कोरबा–यलहंका (बेंगलुरु) समर स्पेशल ट्रेन 2 मई को कोरबा से और 3 मई 2026 को यलहंका से रवाना होगी। यह ट्रेन चांपा, बिलासपुर, रायपुर, दुर्ग, गोंदिया, बल्लारशाह, सिकंदराबाद सहित कई प्रमुख स्टेशनों से होकर गुजरेगी। ट्रेन में कुल 20 कोच होंगे, जिनमें स्लीपर, एसी-3 और सामान्य श्रेणी शामिल है।
खड़गपुर–पुणे के लिए भी राहत
गाड़ी संख्या 02827 खड़गपुर–पुणे समर स्पेशल ट्रेन 21 अप्रैल 2026 को खड़गपुर से रवाना होगी। यह ट्रेन टाटानगर, राउरकेला, झारसुगुड़ा, रायगढ़, बिलासपुर, रायपुर, दुर्ग, नागपुर होते हुए अगले दिन पुणे पहुंचेगी। इस ट्रेन में भी 20 कोच लगाए गए हैं, जिनमें एसी-2, एसी-3, स्लीपर और सामान्य श्रेणी की सुविधा रहेगी। गाड़ी संख्या 02830 आद्रा जंक्शन से छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (मुंबई) के लिए 21 अप्रैल 2026 को रवाना होगी। यह ट्रेन रांची, राउरकेला, झारसुगुड़ा, रायगढ़, बिलासपुर, रायपुर, दुर्ग, नागपुर, भुसावल, नासिक रोड होते हुए मुंबई पहुंचेगी।
छत्तीसगढ़ यात्रियों को बड़ा फायदा
इन तीनों स्पेशल ट्रेनों के ठहराव से रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर, रायगढ़ समेत प्रदेश के हजारों यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा। लंबी दूरी की यात्रा करने वालों को अब वेटिंग और भीड़भाड़ से राहत मिलने की उम्मीद है।

