कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। गणेश चतुर्थी, गणेश उत्सव और विसर्जन को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए कोरबा पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। पुलिस ने असामाजिक तत्वों और पूर्व में आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहे लोगों पर निगरानी बढ़ाते हुए उन्हें सख्त समझाइश दी है।
जिले के अलग-अलग थाना, चौकी और अनुविभाग स्तर पर नगर पुलिस अधीक्षक, अनुविभागीय पुलिस अधिकारी और थाना प्रभारियों ने गुंडा एवं निगरानी बदमाशों की तस्दीक की। पुलिस के अनुसार करीब 32 गुंडा बदमाश, 26 निगरानी बदमाश और मारपीट, लड़ाई-झगड़े सहित शरीर संबंधी अपराधों में पूर्व में संलिप्त करीब 80 लोगों को समझाइश दी गई है। पुलिस ने संबंधित लोगों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि गणेश उत्सव और विसर्जन के दौरान किसी भी प्रकार के विवाद, मारपीट, उपद्रव या आपराधिक गतिविधि से दूर रहें। त्योहार की आड़ में कानून-व्यवस्था बिगाडऩे अथवा दहशत फैलाने का प्रयास करने वालों के खिलाफ तत्काल कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अधिकारियों ने पूर्व अपराधियों और असामाजिक गतिविधियों में शामिल लोगों से अपने आचरण में सुधार लाने तथा उत्सव के दौरान शांति और भाईचारा बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है।
संवेदनशील इलाकों पर पुलिस की नजर
गणेश उत्सव और विसर्जन के दौरान भीड़ प्रबंधन, यातायात व्यवस्था तथा संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी को लेकर भी पुलिस ने तैयारी शुरू कर दी है। थाना प्रभारियों को संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर रखने और किसी भी आपराधिक गतिविधि की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

