अधूरे रेलवे स्टेशन और यात्री सुविधाओं की बदहाली पर रेल मंत्री को लिखा पत्र, निर्माण कार्य जल्द पूरा कराने की मांग
कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। कोरबा लोकसभा क्षेत्र की सांसद ज्योत्सना चरणदास महंत ने कोरबा रेलवे स्टेशन के वर्षों से अधूरे पड़े नवनीकरण कार्य और यात्री सुविधाओं की बदहाल स्थिति पर नाराजगी जताते हुए केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक और बिलासपुर मंडल के डीआरएम को पत्र भेजा है। उन्होंने कहा कि भारतीय रेल को सबसे अधिक राजस्व देने वाले प्रमुख स्टेशनों में शामिल कोरबा की लगातार उपेक्षा की जा रही है।
सांसद ने कहा कि रेलवे स्टेशन का नवनीकरण कार्य वर्षों पहले शुरू हुआ था, लेकिन आज तक पूरा नहीं हो सका। निर्माण कार्य की धीमी गति के कारण यात्रियों को धूल, अव्यवस्था और मूलभूत सुविधाओं के अभाव में परेशानी झेलनी पड़ रही है। उन्होंने इसे रेलवे प्रशासन की लापरवाही बताते हुए जल्द निर्माण पूरा कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत प्रदेश के कई रेलवे स्टेशनों का आधुनिकीकरण किया जा चुका है, लेकिन औद्योगिक और ऊर्जा नगरी कोरबा का रेलवे स्टेशन अब भी अधूरा है। प्रतिदिन हजारों यात्रियों की आवाजाही के बावजूद स्टेशन पर पर्याप्त प्रतीक्षालय, स्वच्छ पेयजल, पार्किंग, साफ-सफाई और अन्य बुनियादी सुविधाओं का अभाव है। सांसद ज्योत्सना महंत ने रेल मंत्री से नवनीकरण कार्य की उच्चस्तरीय समीक्षा कर समय-सीमा तय करने और निर्माण कार्य में तेजी लाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि यदि कोरबा की उपेक्षा जारी रही तो यह यहां की जनता के साथ अन्याय होगा।


