सुशासन तिहार 2026 : 1 मई से 10 जून तक लगेंगे समाधान शिविर, मुख्यमंत्री ने कलेक्टरों को लिखी चिट्ठी

      Date:

      रायपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। छत्तीसगढ़ शासन आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित और प्रभावी समाधान के उद्देश्य से इस वर्ष भी “सुशासन तिहार 2026” का आयोजन व्यापक स्तर पर करेगा। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस संबंध में प्रदेश के सभी जिला कलेक्टरों को पत्र जारी कर अभियान के सफल संचालन के लिए विस्तृत दिशा-निर्देश दिए हैं।

          https://dprcg.gov.in/post/1776265842/Raipur-Chief-Minister-Shri-Vishnu-Dev-Sai-wrote-a-letter-to-the-collectors-regarding-the-organization-of-Good-Governance-Festival-2026

          मुख्यमंत्री ने अपने पत्र में कहा है कि जन शिकायतों का समयबद्ध निराकरण ही सुशासन की असली पहचान है। आम जनता को पारदर्शी, सरल और त्वरित सेवाएं उपलब्ध कराना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। गत वर्ष आयोजित सुशासन तिहार के सकारात्मक परिणामों को देखते हुए इस बार इसे और अधिक व्यापक और प्रभावी रूप में संचालित किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने सभी कलेक्टरों को निर्देशित किया है कि 30 अप्रैल 2026 तक जिले में लंबित प्रकरणों के निराकरण के लिए विशेष अभियान चलाया जाए। इसके तहत नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन जैसे भूमि संबंधी मामलों, मनरेगा मजदूरी भुगतान, हितग्राही मूलक योजनाओं के लंबित भुगतान, आय-जाति-निवास प्रमाण पत्र, बिजली और ट्रांसफार्मर संबंधी शिकायतों तथा हैंडपंप मरम्मत जैसी समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान किया जाए। इसके अलावा पात्र हितग्राहियों को उज्ज्वला योजना, राशन कार्ड, आयुष्मान भारत योजना और सामाजिक सुरक्षा पेंशन जैसी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने पर विशेष जोर देने को कहा गया है।

          मंत्री, सांसद-विधायक करेंगे निरीक्षण

          सुशासन तिहार के अंतर्गत 1 मई से 10 जून 2026 तक प्रदेशभर में जनसमस्या निवारण शिविर लगाए जाएंगे। ग्रामीण क्षेत्रों में 15 से 20 ग्राम पंचायतों के समूह तथा शहरी क्षेत्रों में वार्ड क्लस्टर के आधार पर शिविर आयोजित होंगे। इन शिविरों में शासन की योजनाओं की जानकारी दी जाएगी और पात्र हितग्राहियों को मौके पर ही लाभ वितरित किया जाएगा। शिविरों में प्राप्त आवेदनों का अधिकतम एक माह के भीतर निराकरण सुनिश्चित करने तथा प्रत्येक आवेदक को उसके आवेदन की स्थिति से अवगत कराने के निर्देश दिए गए हैं। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए हैं कि अभियान के दौरान मंत्रीगण, सांसद, विधायक, मुख्य सचिव एवं प्रभारी सचिव समय-समय पर शिविरों में पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लेंगे और आम नागरिकों से संवाद करेंगे।

          मुख्यमंत्री स्वयं करेंगे औचक निरीक्षण

          मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय स्वयं विभिन्न जिलों का दौरा कर विकास कार्यों और योजनाओं के क्रियान्वयन का औचक निरीक्षण करेंगे। साथ ही हितग्राहियों से सीधे फीडबैक लेकर जिला मुख्यालयों में अधिकारियों की समीक्षा बैठक भी लेंगे। समाधान शिविरों में प्राप्त आवेदनों के निराकरण और योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की जाएगी। निरीक्षण के बाद मुख्यमंत्री प्रेसवार्ता को भी संबोधित करेंगे तथा सामाजिक संगठनों और नागरिकों से सुझाव लेंगे। जनसंपर्क विभाग और जिला प्रशासन को निर्देश दिए गए हैं कि सुशासन तिहार के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार की जाए, ताकि अधिक से अधिक लोग इस अभियान से जुड़ सकें। मुख्यमंत्री ने सभी कलेक्टरों से इस अभियान को जनआंदोलन का रूप देने और अधिकतम जनभागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया है।

              Share post:

              Popular

              More like this
              Related