चक्रवात मुरासु का छत्तीसगढ़ में असर, 16 जिलों में यलो अलर्ट जारी; 50 किमी की रफ्तार से चलेंगी हवाएं, बिजली गिरने की चेतावनी

      Date:

      • रायपुर समेत कई इलाकों में बदला मौसम, मंगलवार शाम हुई तेज बारिश; कुछ स्थानों पर भारी वर्षा की संभावना, मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की दी सलाह

      रायपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। चक्रवाती तूफान ‘मुरासु’ का असर छत्तीसगढ़ में दिखाई देने लगा है। मंगलवार शाम राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के कई इलाकों में अचानक मौसम बदला। आसमान में बादल छाने के बाद कई स्थानों पर तेज बारिश हुई। मौसम में आए इस बदलाव को देखते हुए मौसम विभाग ने बुधवार को प्रदेश के 16 जिलों में यलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने के साथ बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका जताई गई है।

          मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, जबकि एक-दो स्थानों पर भारी वर्षा की संभावना है। दक्षिणी छत्तीसगढ़ में भी कुछ जगहों पर मध्यम से भारी बारिश होने का अनुमान है। मौसम विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक, दक्षिण तटीय आंध्र प्रदेश के ऊपर सक्रिय चक्रवाती तूफान ‘मुरासु’ पिछले छह घंटों में लगभग 7 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ा। इस दौरान इसकी तीव्रता में कमी आई। 3 नवंबर को दोपहर 2:30 बजे तूफान आंध्र प्रदेश के बापटला से लगभग 40 किलोमीटर पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में केंद्रित था। उस समय इसकी हवा की गति 80 से 90 किलोमीटर प्रति घंटे थी, जबकि तेज झोंकों के साथ रफ्तार 100 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच रही थी। मौसम विभाग ने इसके आगे कमजोर होकर अवदाब में बदलने का अनुमान जताया था।

          रायपुर में दिनभर छाए रहेंगे बादल

          राजधानी रायपुर में बुधवार को आसमान में बादल छाए रहने और बारिश की संभावना है। मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक यहां अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। मंगलवार शाम शहर के कई इलाकों में तेज बारिश हुई, जिससे मौसम में बदलाव देखने को मिला।

          पेण्ड्रा रोड में सबसे कम तापमान दर्ज

          मंगलवार को प्रदेश में अधिकतम तापमान 30.2 डिग्री सेल्सियस रायपुर में दर्ज किया गया। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान 17.8 डिग्री सेल्सियस पेण्ड्रा रोड में रिकॉर्ड हुआ। रायपुर का न्यूनतम तापमान सामान्य से 4.5 डिग्री अधिक रहा। इसके अलावा बिलासपुर में अधिकतम तापमान 29.8 डिग्री और जगदलपुर में 26.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

          चक्रवात ‘मुरासु’ का कहर : आंध्र प्रदेश में हजारों पेड़ उखड़े, 30 उड़ानें रद्द; कई इलाकों में भारी बारिश का अलर्ट

              Share post:

              Popular

              More like this
              Related