टीपर के पहियों की चपेट में आया बाइक सवार, स्कूटी सवार युवती ने भी मौके पर तोड़ा दम; रेलवे अंडरब्रिज बंद होने से बढ़ा था वैकल्पिक मार्ग पर वाहनों का दबाव
कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। जिले के गेवरा-कुसमुंडा मार्ग पर बुधवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में युवक और युवती की दर्दनाक मौत हो गई। बाइक और स्कूटी के बीच आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर के बाद बाइक सवार युवक सड़क पर गिर पड़ा और इसी दौरान वहां से गुजर रहे टीपर के पहियों की चपेट में आ गया। हादसे में स्कूटी सवार युवती को भी गंभीर चोटें आईं। दोनों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद मार्ग पर अफरा-तफरी मच गई।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह करीब 8 बजे गेवरा टीपर मार्ग पर बाइक और स्कूटी के बीच जोरदार टक्कर हुई। भिड़ंत इतनी तेज थी कि दोनों वाहन सवार सड़क पर गिर पड़े। इसी दौरान बाइक सवार युवक भारी वाहन टीपर की चपेट में आ गया। हादसे में युवक और युवती की मौके पर ही मौत हो गई। फिलहाल दोनों मृतकों की पहचान नहीं हो सकी है। घटना की सूचना मिलते ही कुसमुंडा पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस मृतकों की पहचान करने के साथ दुर्घटना के कारणों की जांच में जुटी है।
रेलवे अंडरब्रिज बंद होने से बढ़ा वाहनों का दबाव
बताया जा रहा है कि गेवरा और कुसमुंडा को जोड़ने वाले रेलवे अंडरब्रिज को मरम्मत कार्य के चलते मंगलवार से एक सप्ताह के लिए बंद कर दिया गया है। इसके कारण रोजाना इस मार्ग से आवागमन करने वाले लोगों को वैकल्पिक रास्ते के रूप में टीपर मार्ग का उपयोग करना पड़ रहा है। इस मार्ग पर पहले से ही भारी वाहनों की आवाजाही अधिक रहती है। अंडरब्रिज बंद होने के बाद दोपहिया और अन्य छोटे वाहनों का दबाव भी इसी रास्ते पर बढ़ गया है। ऐसे में भारी वाहनों के साथ छोटे वाहनों की आवाजाही दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ा रही है।
सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर उठे सवाल
स्थानीय लोगों के बीच इस मार्ग पर यातायात प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता जताई जा रही थी। बुधवार सुबह हुए इस दर्दनाक हादसे ने इन चिंताओं को और गंभीर बना दिया है। हालांकि, दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसका वास्तविक कारण पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। फिलहाल कुसमुंडा पुलिस मामले की जांच कर रही है। मृतकों की पहचान और हादसे से जुड़ी विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है।

