डॉक्टरों ने मृत बताकर सौंपा शव, जिंदा हुआ युवक, अंतिम संस्कार से पहले शरीर में हुई हलचल, फिर तोड़ा दम

      Date:

      रायपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। भिलाई से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। रायपुर के एक निजी अस्पताल द्वारा मृत घोषित किए गए युवक के शरीर में अंतिम संस्कार के लिए ले जाते समय अचानक हरकत दिखाई देने लगी। परिजन उसे तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उसकी दोबारा मौत हो गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और अस्पताल की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।

          जानकारी के अनुसार, पुरानी भिलाई के देव बलोदा निवासी रामअवतार रात्रे 3 जून को घर के बाथरूम में गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए थे। परिजन उन्हें उपचार के लिए रायपुर स्थित एक निजी अस्पताल ले गए। अस्पताल में इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उनकी हालत नाजुक बताते हुए कुछ समय बाद मृत घोषित कर दिया और शव परिजनों को सौंप दिया। परिजन शव को एम्बुलेंस से घर लेकर जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में रामअवतार के हाथ-पैरों में हलचल दिखाई दी। यह देखकर परिजन हैरान रह गए और तत्काल उन्हें वापस अस्पताल ले गए। बाद में उन्हें मेकाहारा में भर्ती कराया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। इस बीच घर पर अंतिम संस्कार की पूरी तैयारी हो चुकी थी। अर्थी सजाई जा चुकी थी, टेंट लग चुके थे और रिश्तेदार भी जुटने लगे थे। युवक के शरीर में हरकत की सूचना मिलने पर अंतिम संस्कार रोक दिया गया।

          परिजनों ने लगाया अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप 

          घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में परिजन अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते दिखाई दे रहे हैं। उनका कहना है कि यदि मरीज के शरीर में हरकत हो रही थी तो उसे मृत कैसे घोषित किया गया। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल अस्पताल प्रबंधन की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। वहीं यह भी स्पष्ट नहीं हो सका है कि मरीज को मृत घोषित करने से पहले सभी आवश्यक चिकित्सकीय जांच और प्रक्रियाओं का पालन किया गया था या नहीं।

              Share post:

              Popular

              More like this
              Related