रायपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। छत्तीसगढ़ क्रिकेट के लिए गर्व का क्षण सामने आया है। प्रदेश के प्रतिभाशाली बल्लेबाज आयुष पांडे का चयन पहली बार भारतीय ए (India A) टीम में हुआ है। इसके साथ ही वे छत्तीसगढ़ के ऐसे पहले क्रिकेटर बन गए हैं, जिन्हें इंडिया-ए टीम में जगह मिली है।
बाएं हाथ के सलामी बल्लेबाज आयुष पांडे अब 25 जून 2026 से श्रीलंका ए के खिलाफ शुरू होने वाली चार दिवसीय सीरीज में भारत ए टीम की ओर से मैदान पर उतरेंगे। उनके चयन से प्रदेश के क्रिकेट जगत में खुशी की लहर है। आयुष ने पिछले रणजी ट्रॉफी सीजन में छत्तीसगढ़ की ओर से शानदार प्रदर्शन करते हुए चयनकर्ताओं का ध्यान अपनी ओर खींचा था। उन्होंने 7 मैचों की 13 पारियों में 57.30 की शानदार औसत से 573 रन बनाए। इस दौरान उनके बल्ले से 2 शतक और 2 अर्धशतक निकले, जबकि उनका सर्वोच्च स्कोर 183 रन रहा।
राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद
रणजी ट्रॉफी में लगातार दमदार प्रदर्शन के आधार पर आयुष को दलीप ट्रॉफी में भी मौका मिला था। वहां भी उन्होंने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए 2 मैचों की 3 पारियों में 53.92 की औसत से 102 रन बनाए। क्रिकेट विशेषज्ञों का मानना है कि आयुष का यह चयन छत्तीसगढ़ क्रिकेट के लिए एक नई शुरुआत साबित हो सकता है और प्रदेश के युवा खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करेगा।

