कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। एकतरफा प्यार करना युवती को भारी पड़ा। लगातार फोन से परेशान युवक ने धारदार हथियार से उसका गला काट दिया। हमले में उसकी मौत हो गई। 16 जनवरी की रात घर में खून से लतपथ रानू साहू (23 साल) का शव मिला। मामला दीपका थाना क्षेत्र के नागिन झोरखी इलाके का है।
जानकारी के मुताबिक राहुल जोगी (26), पेशे से ड्राइवर, और रानू साहू (23 )एक-दूसरे को जानते थे। रानू राहुल से एकतरफा प्यार करती थी और बार-बार उसे फोन कर अपने प्रेम का इजहार करती थी, जिसे राहुल ने ठुकरा दिया। इसके बावजूद रानू लगातार उसे परेशान करती रही।
सूत्रों के अनुसार, 16 जनवरी की देर शाम दोनों के बीच फोन पर विवाद हुआ। विवाद बढऩे पर राहुल अपने घर से धारदार हथियार लेकर रानू के घर गया और हमला कर दिया। रानू की मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद आरोपी वहां से फरार हुआ और हरदीबाजार-दीपका रोड पर खड़ी अपनी ट्रक के पास सो गया। पुलिस ने उसे सोते समय गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक टीम की मदद ली
दीपका थाना प्रभारी प्रेमचंद साहू ने बताया कि सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक एक्सपर्ट की मदद से आरोपी को पकडऩे में सफलता मिली। पुलिस ने आरोपी राहुल जोगी को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की जांच जारी है।

