रायपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। छत्तीसगढ़ में चक्रवात के प्रभाव से भारी बारिश और तेज हवाओं की आशंका को देखते हुए स्कूलों में छुट्टी घोषित करने का अधिकार जिला कलेक्टरों को दिया गया है। स्कूल शिक्षा विभाग ने इस संबंध में आदेश जारी किया है। इसके तहत कलेक्टर अपने जिले में मौसम की स्थिति और बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए अवकाश का निर्णय ले सकेंगे। यह व्यवस्था सरकारी और निजी, दोनों तरह के स्कूलों पर लागू होगी।
स्कूल शिक्षा विभाग के उप सचिव ने 27 अक्टूबर को इस संबंध में आदेश जारी किया। आदेश में कहा गया है कि मौसम विभाग ने चक्रवात के प्रभाव से प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में भारी बारिश और तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी है। संभावित आपात स्थिति को देखते हुए जिला कलेक्टर अपने क्षेत्र के हालात का आकलन कर आवश्यक निर्णय ले सकेंगे। आदेश के मुताबिक, जिन जिलों में खराब मौसम के कारण विद्यार्थियों की सुरक्षा प्रभावित होने की आशंका है, वहां कलेक्टर स्कूलों में छुट्टी घोषित कर सकते हैं। हालांकि, फिलहाल पूरे प्रदेश के सभी स्कूलों में एक साथ अवकाश घोषित नहीं किया गया है। छुट्टी का फैसला जिले की मौसम संबंधी स्थिति और स्थानीय जरूरतों के आधार पर लिया जाएगा।

