गांव में देर रात मचा हड़कंप, छात्रावास में रह रहे 160 बच्चे दहशत में आए; किसान का मकान भी क्षतिग्रस्त
कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। कटघोरा वन मंडल के पसान वन परिक्षेत्र में हाथियों का आतंक बढ़ता जा रहा है। गुरुवार देर रात तेलियामार गांव में 52 हाथियों के झुंड ने जमकर उत्पात मचाया। हाथियों ने दीपक स्कूल (मिशन स्कूल) के छात्रावास की बाउंड्रीवॉल तोड़कर परिसर में प्रवेश कर लिया और वहां के बगीचे को तहस-नहस कर दिया। अचानक हाथियों के पहुंचने से छात्रावास में रह रहे करीब 160 बच्चों में दहशत फैल गई। वहीं, ग्रामीण भी हाथियों की चिंघाड़ सुनकर सहम गए।

गुरुवार देर रात हाथियों का झुंड तेलियामार गांव के पास पहुंचा। इसके बाद हाथियों ने स्कूल की बाउंड्रीवॉल तोड़ दी और छात्रावास परिसर में घुस गए। हाथियों की आवाज सुनकर छात्रावास में रह रहे बच्चे डर गए। पूरी रात इलाके में भय का माहौल बना रहा। गांव में हाथियों की मौजूदगी की खबर फैलते ही ग्रामीण भी सतर्क हो गए और क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। हाथियों के झुंड ने गांव के पास स्थित एक किसान के मकान को भी नुकसान पहुंचाया। इसके अलावा खेतों में तैयार धान की फसल को रौंद दिया। फसल बर्बाद होने से किसानों की चिंता बढ़ गई है। शुक्रवार को ग्रामीणों ने शोर मचाकर हाथियों को खेतों से दूर भगाने का प्रयास किया, ताकि फसलों को और नुकसान से बचाया जा सके।
कटघोरा वन मंडल में 57 हाथियों की मौजूदगी
वन विभाग के मुताबिक, कटघोरा वन मंडल में वर्तमान में कुल 57 हाथी विचरण कर रहे हैं। इनमें से 52 हाथियों का झुंड पसान वन परिक्षेत्र के तेलियामार और खोहरी के जंगलों में मौजूद है। वहीं, झुंड से अलग एक दंतैल हाथी बनिया वन परिक्षेत्र में विचरण कर रहा है, जबकि जटगा वन परिक्षेत्र में तीन हाथियों की मौजूदगी बताई गई है। वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, धान की फसल पकने के कारण हाथियों का रुख खेतों की ओर बढ़ रहा है। हाथियों की आवाजाही से ग्रामीण क्षेत्रों में फसल और मकानों को नुकसान पहुंचने का खतरा बना हुआ है।
10 गांवों में मुनादी, ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह
हाथियों की लगातार आवाजाही को देखते हुए वन विभाग ने आसपास के 10 गांवों में मुनादी कराकर लोगों को सतर्क किया है। विभागीय टीम हाथियों की गतिविधियों पर नजर रख रही है। स्कूल छात्रावास में हाथियों के घुसने और किसानों की फसल को नुकसान पहुंचने की घटना के बाद ग्रामीणों में चिंता बनी हुई है। वन विभाग ने ग्रामीणों से हाथियों के नजदीक नहीं जाने और उनकी मौजूदगी की सूचना मिलने पर सतर्क रहने की अपील की है।
कोरबा में हाथियों का बढ़ा आतंक, झुंड ने रौंदी फसल, दंतैल ने तोड़ा मकान

