माओवादियों के खात्मे के बाद पहली बार बस्तर दौरे की तैयारी, जल-जंगल-जमीन और आदिवासियों के अधिकारों पर होगी चर्चा
रायपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का छत्तीसगढ़ दौरा प्रस्तावित है। इस दौरान वे बस्तर संभाग में बोधघाट बहुउद्देशीय परियोजना से प्रभावित होने वाले ग्रामीणों और किसानों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनेंगे। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने रायपुर में पत्रकार वार्ता के दौरान यह जानकारी दी। हालांकि, दौरे की तारीख और विस्तृत कार्यक्रम अभी घोषित नहीं किया गया है।

राहुल गांधी अपने प्रस्तावित दौरे के दौरान बोधघाट परियोजना से प्रभावित होने वाले ग्रामीणों और किसानों से सीधे संवाद करेंगे। पार्टी इस परियोजना से जुड़े विस्थापन, आजीविका और आदिवासियों के अधिकारों के मुद्दे को प्रमुखता से उठाने की तैयारी कर रही है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि कांग्रेस बस्तर के जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए ग्रामीणों के साथ खड़ी है। उन्होंने आशंका जताई कि परियोजना से स्थानीय आदिवासी समुदाय की आजीविका और सांस्कृतिक पहचान प्रभावित हो सकती है। दीपक बैज के मुताबिक, प्रदेश कांग्रेस प्रभारी सुखदेव भगत हाल ही में बस्तर का दौरा कर चुके हैं। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से बातचीत कर बोधघाट परियोजना को लेकर उनकी चिंताओं को जाना था। अब राहुल गांधी के प्रस्तावित दौरे में प्रभावित ग्रामीणों और किसानों से चर्चा की जाएगी।
बिजली कटौती और स्मार्ट मीटर पर भी सरकार को घेरा
पत्रकार वार्ता के दौरान दीपक बैज ने प्रदेश की बिजली व्यवस्था को लेकर भाजपा सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि बिजली उत्पादन में सरप्लस होने के बावजूद राज्य को बाहर से बिजली खरीदनी पड़ रही है और अघोषित कटौती से शहरी तथा ग्रामीण उपभोक्ता परेशान हैं। बैज ने स्मार्ट मीटर योजना पर सवाल उठाते हुए कहा कि उपभोक्ता अधिक बिजली बिल आने और मीटर की तेज रीडिंग की शिकायत कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस कार्यकर्ता स्मार्ट मीटर हटाने की मांग के समर्थन में लोगों से सहमति पत्र भरवा रहे हैं। फिलहाल राहुल गांधी के बस्तर दौरे की तारीख तय होना बाकी है। उनके कार्यक्रम की घोषणा के बाद दौरे से जुड़ी विस्तृत जानकारी सामने आने की उम्मीद है।

