राष्ट्रपति का बस्तर आगमन गौरव का अवसर, अमित शाह के संबोधन से नक्सली हिंसा प्रभावित लोगों का बढ़ा आत्मविश्वास
रायपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु का छत्तीसगढ़ प्रवास प्रदेश के लिए गौरव और प्रसन्नता का अवसर है। राष्ट्रपति का 22 और 23 अक्टूबर को छत्तीसगढ़ आने का कार्यक्रम प्रस्तावित है। 23 अक्टूबर को वे जगदलपुर पहुंचेंगी और वहां आयोजित मुरिया दरबार में शामिल होंगी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि उन्होंने राष्ट्रपति को बस्तर आने का आमंत्रण दिया था। इससे पहले बस्तर के मांझी-चालकी प्रतिनिधियों से मुलाकात के दौरान भी राष्ट्रपति से बस्तर आने का आग्रह किया गया था, जिसे उन्होंने स्वीकार किया था। मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रपति के आगमन से बस्तर के लोगों में उत्साह है। मुख्यमंत्री साय ने नक्सली हिंसा से प्रभावित लोगों और अन्य दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण वितरित करने के लिए आयोजित शिविर का उल्लेख करते हुए कहा कि केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से दंतेवाड़ा में आयोजित शिविर को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि नक्सली हिंसा से प्रभावित लोगों को हरसंभव सहायता मिले और वे सम्मान तथा आत्मविश्वास के साथ जीवन में आगे बढ़ सकें। मुख्यमंत्री के अनुसार, अमित शाह के संबोधन से प्रभावित लोगों का आत्मविश्वास बढ़ा है।
छत्तीसगढ़ में पहली बार अंतरराष्ट्रीय महिला क्रिकेट मैच
मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ में पहली बार आयोजित होने जा रहे अंतरराष्ट्रीय महिला क्रिकेट मैच को प्रदेश के लिए खुशी का अवसर बताया। भारत और जिम्बाब्वे की महिला क्रिकेट टीमों के बीच होने वाले मुकाबले में महिला दर्शकों के लिए प्रवेश निःशुल्क रखा गया है। उन्होंने कहा कि इस पहल से प्रदेश की माताओं, बहनों और बेटियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की महिला क्रिकेट खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने और उनसे प्रेरणा लेने का अवसर मिलेगा। इससे महिला क्रिकेट के प्रति रुचि बढ़ने के साथ ही युवा खिलाड़ियों को भी आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु को बस्तर पंडुम में किया आमंत्रित

