भाजपा की प्रदेश प्रभारी और सह प्रभारी सिद्धार्थ शंभू दो दिन तक रायपुर में करेंगे बैठकें, मुख्यमंत्री, मंत्रियों, सांसदों-विधायकों और संगठन पदाधिकारियों से होगी चर्चा
रायपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। छत्तीसगढ़ भाजपा की नवनियुक्त प्रदेश प्रभारी एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी का दौरा कार्यक्रम तय हो गया है। वे सह प्रभारी सिद्धार्थ शंभू के साथ 25 अक्टूबर को रायपुर पहुंचेंगी और दो दिनों तक प्रदेश में रहेंगी। इस दौरान कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में लगातार बैठकों का दौर चलेगा। बैठकों में आगामी विधानसभा चुनाव 2028 की तैयारियों, संगठन की मजबूती और नेताओं की जिम्मेदारियों को लेकर चर्चा होने की संभावना है।
स्मृति ईरानी और सिद्धार्थ शंभू के रायपुर पहुंचने के बाद 25 अक्टूबर से ही बैठकों का सिलसिला शुरू हो जाएगा। पहले प्रदेश भाजपा अध्यक्ष किरण देव, नए संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह और संगठन के अन्य महामंत्रियों के साथ बैठक होगी। इसके बाद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उपमुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा सहित प्रदेश के मंत्रियों, सांसदों तथा विधायकों के साथ चर्चा की जाएगी। बैठकों में संभाग और जिलों के प्रभारी व सह प्रभारी, जिलाध्यक्ष, मोर्चा अध्यक्ष, प्रकोष्ठों के संयोजक-सह संयोजक और प्रदेश संगठन के पदाधिकारी भी शामिल होंगे। इसके अलावा पार्टी के कोर ग्रुप की अलग से बैठक आयोजित की जाएगी।
पुराने दिग्गज नेताओं की भी तय हो सकती है जिम्मेदारी
इस दौरे में उन वरिष्ठ नेताओं के साथ अलग से चर्चा को महत्वपूर्ण माना जा रहा है, जिनके पास फिलहाल संगठन में कोई प्रमुख जिम्मेदारी नहीं है। प्रदेश प्रभारी इन नेताओं से आमने-सामने बातचीत करेंगी। माना जा रहा है कि मिशन 2028 को ध्यान में रखते हुए उनकी भूमिका और जिम्मेदारियों पर भी विचार किया जा सकता है। प्रदेश भाजपा को करीब आठ महीने बाद नया प्रदेश प्रभारी और सह प्रभारी मिला है। नियुक्ति के बाद से ही उनके छत्तीसगढ़ दौरे को लेकर चर्चा चल रही थी। अब 25 और 26 अक्टूबर को होने वाली बैठकों से प्रदेश संगठन की आगामी रणनीति और चुनावी तैयारियों को दिशा मिलने की उम्मीद है।

