14 साल बाद प्रदेश की टीम बनी राष्ट्रीय विजेता, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय व विस अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने दी बधाई
रायपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। छत्तीसगढ़ की जूनियर बालिका बास्केटबॉल टीम ने राष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन करते हुए जूनियर नेशनल बास्केटबॉल प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतकर प्रदेश का नाम रोशन किया है। टीम ने फाइनल मुकाबले में केरल को 55-51 अंकों से हराकर 14 वर्ष बाद राष्ट्रीय खिताब अपने नाम किया।
पुद्दुचेरी में आयोजित प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ की टीम ने पूरे टूर्नामेंट के दौरान दमदार खेल का प्रदर्शन किया। फाइनल मुकाबले में दिव्या रंगारी ने सर्वाधिक 22 अंक बनाकर जीत में अहम भूमिका निभाई, जबकि टीम कप्तान अंजली कोडापे ने 14 अंक जोड़े। रूमी कोनवर और अंजनी ने 7-7 अंक, अदिति कोडापे ने 3 तथा सारा सिंह ने 2 अंक अर्जित कर टीम की जीत में योगदान दिया। सोफी सिका एवं नंदनी माधो प्रधान का प्रदर्शन भी सराहनीय रहा।
इससे पहले छत्तीसगढ़ की टीम ने सेमीफाइनल में कर्नाटक को 67-62 से हराकर फाइनल में जगह बनाई थी। वहीं क्वार्टर फाइनल में महाराष्ट्र को 56-44 अंकों से शिकस्त देकर टीम ने अपनी दावेदारी मजबूत की थी। प्रदेश की इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने टीम को बधाई देते हुए खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों की यह सफलता राज्य की अन्य बेटियों को भी खेलों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी। उल्लेखनीय है कि चार वर्ष पूर्व जूनियर बालिका वर्ग में छत्तीसगढ़ की टीम ने रजत पदक हासिल किया था। वहीं प्रदेश बास्केटबॉल संघ में विवाद के चलते खिलाड़ियों के चयन के लिए बास्केटबॉल फेडरेशन ऑफ इंडिया द्वारा गठित एडहॉक कमेटी राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं हेतु टीम चयन की प्रक्रिया संचालित कर रही है।

