जमीन संबंधी कार्य के बदले किसान से मांगी थी कथित रिश्वत, नोट गिनते वीडियो सामने आने के बाद कार्रवाई
कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। जिले के पोड़ी उपरोड़ा विकासखंड अंतर्गत पसान तहसील में पदस्थ एक पटवारी का कथित रिश्वत लेते वीडियो वायरल होने के बाद प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे निलंबित कर दिया है। मामला पिपरिया हल्का क्षेत्र का बताया जा रहा है, जहां किसान से जमीन संबंधी कार्य के एवज में रिश्वत मांगने का आरोप सामने आया है।
जानकारी के अनुसार, पिपरिया एवं सिर्री हल्का के पटवारी विनोद अग्रवाल पर आरोप है कि उन्होंने जमीन का वन पट्टा ऑनलाइन करने के लिए पांच हजार रुपये तथा फौती नामांतरण के लिए दस हजार रुपये की मांग की थी। आरोप है कि कार्य कराने पहुंचे किसान ने मजबूरी में रिश्वत की राशि दी, साथ ही कथित तौर पर पटवारी का नोट गिनते हुए वीडियो भी रिकॉर्ड कर लिया। बताया जा रहा है कि वीडियो में पटवारी टेबल के नीचे रुपए गिनते नजर आ रहा है। वीडियो सोशल मीडिया में वायरल होने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया, जिसके बाद पोड़ी उपरोड़ा एसडीएम मनोज कुमार बंजारे ने प्राथमिक जांच के आधार पर पटवारी विनोद अग्रवाल को निलंबित कर दिया। प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि मामले की आगे जांच की जा रही है तथा तथ्यों के आधार पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
भू-अभिलेखों में हेराफेरी पर पटवारी निलंबित, कलेक्टर की कार्रवाई

