मुंबई (एजेंसी)। भारतीय क्रिकेट में एक नया इतिहास रचते हुए बिहार के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी राष्ट्रीय टीम में चुने जाने वाले सबसे कम उम्र के क्रिकेटर बन गए हैं। महज 15 साल 71 दिन की उम्र में उनका चयन आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ आगामी टी-20 श्रृंखला तथा सितंबर में होने वाले एशियन गेम्स के लिए भारतीय टीम में किया गया है।

वैभव ने चयन के साथ ही भारतीय क्रिकेट के कई पुराने रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिए हैं। इससे पहले भारतीय टीम में सबसे कम उम्र में चुने जाने का रिकॉर्ड महिला क्रिकेटर शेफाली वर्मा के नाम था, जिनका चयन 15 साल 220 दिन की उम्र में हुआ था। पुरुष क्रिकेट में यह उपलब्धि महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर के नाम दर्ज थी, जिन्हें 16 साल 194 दिन की उम्र में भारतीय टीम में जगह मिली थी। युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी हाल ही में अंडर-19 क्रिकेट में अपने शानदार प्रदर्शन के कारण चर्चा में आए थे। इंग्लैंड के खिलाफ उन्होंने मात्र 80 गेंदों में 175 रन की विस्फोटक पारी खेलकर क्रिकेट जगत का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया था। उनके लगातार बेहतरीन प्रदर्शन का इनाम अब राष्ट्रीय टीम में चयन के रूप में मिला है। यदि वैभव को आयरलैंड-इंग्लैंड दौरे या एशियन गेम्स के दौरान एक भी मैच खेलने का अवसर मिलता है तो वे भारत के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण करने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी भी बन जाएंगे। वर्तमान में यह रिकॉर्ड शेफाली वर्मा और पुरुष क्रिकेट में सचिन तेंदुलकर के नाम दर्ज है।
सूर्यकुमार यादव को नहीं मिली जगह
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने टी-20 टीम की कमान श्रेयस अय्यर को सौंपी है। उन्हें नया कप्तान नियुक्त किया गया है, जबकि तिलक वर्मा को उपकप्तान बनाया गया है। पूर्व कप्तान सूर्यकुमार यादव को इस बार टीम में जगह नहीं मिली है। क्रिकेट विशेषज्ञों का मानना है कि वैभव सूर्यवंशी का चयन भारतीय क्रिकेट में नई पीढ़ी के उभरते प्रतिभाशाली खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का काम करेगा। इतनी कम उम्र में राष्ट्रीय टीम में जगह बनाना उनकी प्रतिभा और मेहनत का प्रमाण माना जा रहा है।

