कलेक्टर ने ली समय-सीमा की बैठक, जिले में खराब हैंडपम्पों की अभियान चलाकर मरम्मत कराने के दिए निर्देश
पीएम स्वनिधि योजना में अपेक्षाकृत धीमी प्रगति वाले नगरीय निकायों को नोटिश देने किया निर्देशित
सोसायटियों में समय पर खाद्यान्न का पर्याप्त भंडारण व पारदर्शी वितरण सुनिश्चित कराने के निर्देश
कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। जिले में विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और जनहितकारी कार्यों में तेजी लाने के उद्देश्य से कलेक्टर कुणाल दुदावत ने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं की गहन समीक्षा की। बैठक में उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ हर पात्र व्यक्ति तक प्राथमिकता के साथ पहुंचाया जाए तथा आपसी समन्वय से सभी लक्ष्यों की शत-प्रतिशत पूर्ति सुनिश्चित की जाए।
कलेक्टर ने जनगणना 2026 की तैयारियों की समीक्षा करते हुए व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में बैनर-पोस्टर के माध्यम से प्रचार-प्रसार बढ़ाने तथा सार्वजनिक उपक्रमों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने को कहा। जनगणना कार्य में लगे अधिकारी-कर्मचारियों का प्रशिक्षण समय पर पूर्ण कराने एवं आवश्यक समस्याओं का निराकरण करने के निर्देश भी दिए गए। गर्मी को देखते हुए कलेक्टर ने शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल समस्या के समाधान को सर्वोच्च प्राथमिकता देने को कहा। जिले के खराब हैंडपंपों की मिशन मोड में मरम्मत कराने के निर्देश देते हुए पंचायतों से सूची मंगाकर लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने कहा गया। सार्वजनिक वितरण प्रणाली की समीक्षा करते हुए उन्होंने माह के अंत तक सभी राशन दुकानों में पर्याप्त खाद्यान्न भंडारण तथा समय पर पारदर्शी वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत नगरीय क्षेत्रों के अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों को लाभ दिलाने तथा कम प्रगति वाले निकायों को नोटिस जारी करने कहा गया।
स्वास्थ्य सेवाओं में तत्परता के निर्देश
कलेक्टर ने गंभीर बीमारी से पीड़ित मरीजों के आवेदन पर त्वरित कार्रवाई करने, उन्हें मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना का लाभ दिलाने तथा आवश्यकता अनुसार उच्च चिकित्सा संस्थानों में रेफर करने के निर्देश दिए। टीबी मुक्त अभियान के तहत शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में एक्स-रे जांच बढ़ाने तथा स्वास्थ्य संस्थानों, नगरीय निकायों और सार्वजनिक उपक्रमों की भागीदारी सुनिश्चित करने कहा गया। बैठक में आधार एवं अपार आईडी से वंचित विद्यार्थियों का चिन्हांकन कर शीघ्र आईडी बनवाने के निर्देश भी दिए गए।
डीएमएफ कार्यों में गुणवत्ता पर जोर
कलेक्टर ने जिला खनिज न्यास (डीएमएफ) से स्वीकृत कार्यों की समीक्षा करते हुए अपूर्ण निर्माण कार्यों को शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए। स्कूल, आंगनबाड़ी भवन, शिक्षक एवं स्वास्थ्य कर्मचारियों के आवासीय भवनों में तकनीकी मानकों के अनुसार दरवाजे, खिड़कियां, प्लंबिंग और सेनेटरी कार्य कराने के सख्त निर्देश दिए गए। दोषपूर्ण कार्यों को तत्काल सुधारने कहा गया। उन्होंने सभी विभागों को निर्माण पोर्टल पर जियो टैगिंग, फोटो और अद्यतन जानकारी अपलोड करने के निर्देश भी दिए। जिले में यूथ हॉस्टल और क्रीड़ा परिसर निर्माण के लिए भूमि चिन्हांकन एवं अन्य तैयारियां जल्द पूरी करने कहा गया।
महिला योजनाओं और ऊर्जा योजना पर फोकस
पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना से अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने के निर्देश दिए गए। वहीं महतारी वंदन योजना के तहत महिला हितग्राहियों की नि:शुल्क केवाईसी प्रक्रिया में सुविधा देने और नियमित मॉनिटरिंग करने कहा गया। कलेक्टर ने पीएमओ, मुख्यमंत्री जनदर्शन, मानवाधिकार आयोग, कलेक्टर जनदर्शन सहित अन्य लंबित प्रकरणों को सर्वोच्च प्राथमिकता से निराकृत करने के निर्देश दिए। बैठक में निगमायुक्त आशुतोष पाण्डेय, जिला पंचायत सीईओ दिनेश नाग, अपर कलेक्टर देवेन्द्र पटेल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
पाली में निर्माणाधीन कार्यो का कलेक्टर ने किया निरीक्षण, निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर जताई नाराजगी

