वेदांता पावर प्लांट हादसा : अपनों को ढूंढने रातभर भटकते रहे परिजन, मृतकों की संख्या 20 पहुंची, 16 घायलों का इलाज जारी

      Date:

      वेदांता पावर प्लांट

      सक्ती (AkhandBharatHNKP.Com)। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले स्थित वेदांता पावर प्लांट में मंगलवार दोपहर हुए भीषण बॉयलर ब्लास्ट हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर 20 हो गई है। इस दर्दनाक दुर्घटना में 4 मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि 14 ने रायगढ़ के विभिन्न अस्पतालों में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। वहीं 2 घायलों की मौत रायपुर के कालड़ा अस्पताल में इलाज के दौरान हुई। इस हादसे के बाद परिजन अपनों की तलाश में भटकते रहे। रात करीब 3 बजे तक सक्ती और रायगढ़ के 5 अस्पतालों के चक्कर काटते रहे। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है।

          वेदांता पावर प्लांट

          बताया जा रहा है कि हादसे में कुल 36 मजदूर झुलसे थे, जिनमें से 16 घायलों का अलग-अलग अस्पतालों में इलाज जारी है। मृतकों में 4 मजदूर छत्तीसगढ़ के रहने वाले हैं, जबकि अन्य उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल के बताए जा रहे हैं। घटना के बाद प्लांट के बाहर मजदूरों के परिजन बड़ी संख्या में एकत्रित हो गए और प्रबंधन के खिलाफ जमकर नाराजगी जताई। परिजनों ने हादसे के लिए जिम्मेदार अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई तथा मृतकों के परिवारों को उचित मुआवजा देने की मांग की। स्थिति को नियंत्रित करने पुलिस बल तैनात करना पड़ा। घटना की गंभीरता को देखते हुए सक्ती कलेक्टर अमृत विकास तोपनो ने हादसे की मजिस्ट्रियल जांच के आदेश जारी कर दिए हैं। जांच में दुर्घटना के कारणों, सुरक्षा मानकों में लापरवाही और जिम्मेदार अधिकारियों की भूमिका की पड़ताल की जाएगी। रायगढ़ मेडिकल कॉलेज में बुधवार को 7 शवों का पोस्टमॉर्टम किया गया। रायगढ़ के बालाजी मेट्रो हॉस्पिटल में बनवारी लाल, उपेंद्र और परदेशी लाल चंद्रा का उपचार जारी है। वहीं दो मजदूर उमेंद्र और किस्मत अली का रायपुर के निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। प्लांट के सिक्योरिटी हेड प्रेम झा ने बताया कि घायलों में 12 मजदूर छत्तीसगढ़ के हैं, जबकि अन्य बिहार, पश्चिम बंगाल और झारखंड के निवासी हैं। वेदांता प्रबंधन ने मृतक मजदूरों के परिजनों को 35-35 लाख रुपए की सहायता राशि देने तथा परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने की घोषणा की है। वहीं घायलों को 15-15 लाख रुपए की आर्थिक सहायता दी जाएगी।

          पीएम मोदी ने जताया गहरा शोक 

          वेदांता पावर प्लांट हादसे पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गहरा दुख व्यक्त किया है। इस दर्दनाक दुर्घटना में कई लोगों की मौत होने तथा कई के घायल होने पर प्रधानमंत्री ने शोक संतप्त परिवारों के प्रति गहरी संवेदना प्रकट की है। प्रधानमंत्री ने अपने शोक संदेश में कहा कि इस हादसे से वे अत्यंत दुखी हैं और पीड़ित परिवारों के साथ उनकी संवेदनाएं हैं। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना भी की है। प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से घोषणा की गई है कि दुर्घटना में जान गंवाने वाले प्रत्येक मृतक के निकटतम परिजन को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से 2-2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि प्रदान की जाएगी। वहीं हादसे में घायल हुए लोगों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी।

          मुख्यमंत्री ने जताया दुख, अतिरिक्त सहायता की घोषणा

          मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने मृतकों के परिजनों को राज्य सरकार की ओर से 5-5 लाख रुपए तथा घायलों को 50-50 हजार रुपए सहायता राशि देने की घोषणा की। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने हादसे को बेहद पीड़ादायक बताते हुए मृतकों के परिजनों को 1-1 करोड़ रुपए तथा घायलों को 50-50 लाख रुपए मुआवजा देने की मांग की है। उन्होंने कहा कि मजदूरों की सुरक्षा में लापरवाही किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं की जा सकती।

          दोषियों पर होगी कड़ी कार्रवाई : श्रम मंत्री

          वाणिज्य, उद्योग एवं सार्वजनिक उपक्रम मंत्री लखनलाल देवांगन ने वेदांता लिमिटेड पावर प्लांट में बॉयलर फटने से हुई दुर्घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों को श्रद्धांजलि देते हुए शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना जताई तथा घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। मंत्री श्री देवांगन ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक को तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू करने के निर्देश दिए गए। प्रशासन की निगरानी में घायलों को समुचित उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हादसे की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी और जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ श्रम कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।

              Share post:

              Popular

              More like this
              Related

              रेत भरी हाइवा और ट्रक में आमने-सामने भिड़ंत, 3 की मौत

              रायपुर (AkhandBharatHNKP.Com)।  राजधानी रायपुर के गोबरा नवापारा क्षेत्र में...