रायपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। छत्तीसगढ़ में जनगणना कार्य में लगाए जाने वाले शिक्षकों और कर्मचारियों के लिए 1 करोड़ रुपए के दुर्घटना बीमा की मांग उठी है। छत्तीसगढ़ टीचर्स एसोसिएशन ने मुख्यमंत्री, मुख्य सचिव, जनगणना आयुक्त और स्कूल शिक्षा विभाग को पत्र भेजकर चुनाव ड्यूटी की तर्ज पर बीमा सुरक्षा देने की मांग की है। संगठन का कहना है कि जनगणना राष्ट्रीय महत्व का कार्य है और इसमें लगे कर्मचारियों को भी चुनाव ड्यूटी जैसी सुरक्षा मिलनी चाहिए। ड्यूटी के दौरान दुर्घटना, गंभीर बीमारी या असामयिक मृत्यु की स्थिति में कर्मचारियों और उनके परिवारों को आर्थिक सहायता मिलना जरूरी है।

एसोसिएशन ने शासन के सामने तीन प्रमुख तर्क रखे हैं। पहला, जनगणना कार्य में भी चुनाव ड्यूटी जैसी चुनौतियां और जोखिम रहते हैं, इसलिए समान जोखिम पर समान सुरक्षा दी जानी चाहिए। दूसरा, हादसे या मृत्यु की स्थिति में परिवार को आर्थिक संबल मिल सके। तीसरा, बीमा सुविधा मिलने से कर्मचारी बिना भय के जिम्मेदारी निभा सकेंगे।
घटनाओं का दिया हवाला
संगठन ने हाल के समय में जनगणना कार्य में लगे शिक्षकों की मौत की घटनाओं का हवाला देते हुए कहा कि इससे बीमा सुरक्षा की आवश्यकता और बढ़ गई है। एसोसिएशन ने मांग की है कि जनगणना अधिसूचना जारी होने के साथ ही बीमा संबंधी दिशा-निर्देश भी जारी किए जाएं, ताकि जमीनी स्तर पर कार्य कर रहे हजारों शिक्षकों और कर्मचारियों को सुरक्षा मिल सके। प्रदेश अध्यक्ष संजय शर्मा, प्रदेश संयोजक सुधीर प्रधान सहित संगठन के अन्य पदाधिकारियों ने भी इस मांग का समर्थन किया है।

