नदी के बहाव से चलेगा पंप, 135 किसान परिवारों को मिलेगा लाभ
रायपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जशपुर जिले के कांसाबेल विकासखंड अंतर्गत ग्राम पोंगरो में घुघरी नदी पर निर्मित एनीकट आधारित हाइड्रो पावर पंपिंग योजना का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने योजना की कार्यप्रणाली, सिंचाई क्षमता और किसानों को मिलने वाले लाभों की जानकारी ली। सरगुजा संभाग की अपनी तरह की पहली इस नवाचारी परियोजना की खासियत यह है कि इसमें बिजली, डीजल, पेट्रोल या सौर ऊर्जा के बिना केवल नदी के जल प्रवाह से खेतों तक सिंचाई का पानी पहुंचाया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि खेती की समृद्धि के लिए सिंचाई सुविधाओं का विस्तार सरकार की प्राथमिकता है। पोंगरो की यह परियोजना आधुनिक विज्ञान और स्थानीय प्राकृतिक संसाधनों के बेहतर उपयोग का उदाहरण है। इससे किसानों को सिंचाई के लिए बिजली और डीजल पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा तथा खेती की लागत कम करने में भी मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि पर्यावरण अनुकूल सिंचाई का यह मॉडल प्रदेश के अन्य क्षेत्रों में भी उपयोगी साबित हो सकता है। योजना में नदी के बहते पानी की ऊर्जा से टरबाइन पंप संचालित किया जाता है। इसके लिए पूर्व निर्मित एनीकट से लगभग 100 मीटर नीचे प्लेटफॉर्म तैयार कर टरबाइन पंप स्थापित किया गया है। यह पंप नदी तल से लगभग 12 मीटर ऊंचाई पर स्थित और 200 मीटर दूर बनी वितरण टंकी तक अधिकतम 17 लीटर प्रति सेकंड की दर से पानी पहुंचाने में सक्षम है। वितरण टंकी से पक्की सिंचाई नहरों और नालियों के माध्यम से खेतों तक पानी पहुंचाया जाता है।
इस व्यवस्था में पंप चलाने के लिए किसी बाहरी ऊर्जा स्रोत की जरूरत नहीं होती। इससे पारंपरिक ईंधन की खपत और उससे होने वाले कार्बन उत्सर्जन से भी बचाव होगा। परियोजना को हरित ऊर्जा, जल संरक्षण और टिकाऊ कृषि की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। इस अवसर पर कौशल्या साय, जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय, कलेक्टर रोहित व्यास, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिषेक कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
80 एकड़ कृषि भूमि को मिलेगी सिंचाई सुविधा
लगभग 2 करोड़ 68 लाख रुपये की लागत से तैयार इस योजना से क्षेत्र के करीब 135 किसान परिवारों को सीधा लाभ मिलेगा। इसके माध्यम से लगभग 80 एकड़ कृषि भूमि में रबी और ग्रीष्मकालीन फसलों के लिए सिंचाई सुविधा उपलब्ध होगी। इससे किसानों की वर्षा आधारित खेती पर निर्भरता कम होगी और अतिरिक्त फसल लेने के साथ कृषि उत्पादन बढ़ाने के अवसर मिलेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ में जल संसाधनों का बेहतर उपयोग कर किसानों को वर्षभर खेती के अवसर उपलब्ध कराना सरकार का संकल्प है। पोंगरो की यह पहल गांवों और खेतों तक नवाचार पहुंचाकर कृषि विकास को नई गति देने का उदाहरण है। सरकार किसानों की आय बढ़ाने, सिंचाई का दायरा विस्तृत करने और खेती को अधिक लाभकारी बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है।
तीजन बाई के नाम पर शुरू होगा लोककला अलंकरण, गनियारी बनेगा कला ग्राम : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

