हिमाचल के होटल से छत्तीसगढ़ तक फैला था ड्रग्स तस्करी का नेटवर्क, तीन आरोपियों को 20-20 साल की सजा

      Date:

      • नाइजीरियाई नागरिक से खरीदकर रायपुर में होती थी नशीले पदार्थों की सप्लाई, नौ आरोपियों में तीन दोषी करार, छह को मिला संदेह का लाभ

          रायपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। छत्तीसगढ़ में नशे के कारोबार के खिलाफ चल रहे अभियान के बीच रायपुर के चर्चित ड्रग्स तस्करी मामले में विशेष एनडीपीएस अदालत ने बड़ा फैसला सुनाया है। अदालत ने नौ आरोपियों में से तीन को दोषी ठहराते हुए 20-20 साल के कठोर कारावास की सजा सुनाई है। सजा पाने वालों में आर्यन ठाकरे, नाइजीरियाई नागरिक इनोसेंट और शुभम सोनी शामिल हैं। वहीं, मामले में शामिल अन्य छह आरोपियों को संदेह का लाभ देते हुए बरी कर दिया गया। यह फैसला न्यायाधीश शैलेष शर्मा की अदालत ने सुनाया। मामले में कुल 20 गवाहों के बयान दर्ज किए गए थे।

          ड्रग्स तस्करी

          सरकारी अधिवक्ता स्वामी शर्मा ने फैसले की जानकारी देते हुए बताया कि आरोपियों का नशे की खरीद और सप्लाई का नेटवर्क छत्तीसगढ़ से लेकर हिमाचल प्रदेश और दिल्ली तक फैला हुआ था। आरोपी कथित तौर पर नाइजीरियाई नागरिक से नशीले पदार्थ खरीदते थे और हिमाचल प्रदेश के कसोल स्थित होटल के माध्यम से छत्तीसगढ़ तक उनकी आपूर्ति करते थे। इस पूरे मामले की शुरुआत वर्ष 2024 में टिकरापारा थाने में दर्ज प्रकरण से हुई थी। पुलिस ने आरोपी शुभम सोनी के मेमोरेंडम बयान के आधार पर अन्य लोगों की भूमिका की जांच शुरू की थी। इसके बाद आर्यन ठाकरे, नाइजीरियाई नागरिक इनोसेंट, ओयनका स्टीफेन, अमनदीप छाबड़ा, अभिषेक साहू, लोकेश यादव और अशोक साहू सहित कुल नौ लोगों को आरोपी बनाया गया था। पुलिस की जांच में सामने आया कि रायपुर से हिमाचल प्रदेश के कसोल और दिल्ली तक नशीले पदार्थों की खरीद-बिक्री का नेटवर्क संचालित हो रहा था। इस दौरान चरस, एमडीएमए और कोकीन जैसे प्रतिबंधित मादक पदार्थों की सप्लाई किए जाने का मामला सामने आया।

          कमल विहार में छापेमारी के दौरान मिली थी ड्रग्स और पिस्टल

          23 सितंबर 2024 को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर टिकरापारा पुलिस ने कमल विहार सेक्टर-4 चौक स्थित ऑक्सीजोन के पास कार्रवाई की थी। इस दौरान शुभम सोनी के कब्जे से 31.88 ग्राम चरस और 98 एमडीएमए टैबलेट बरामद की गईं, जिनका कुल वजन 45.08 ग्राम था। इसके अलावा पुलिस को एक लोहे की पिस्टल, खाली मैगजीन, इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन, खाली कैप्सूल, एक लाख रुपये नकद और दो स्मार्टफोन भी मिले थे। इस बरामदगी के बाद पुलिस ने मामले की कड़ियां जोड़ते हुए अन्य आरोपियों की तलाश और पूछताछ शुरू की थी।

          हर खेप पर मिलता था 25 हजार रुपये कमीशन

          जांच के दौरान अभिषेक साहू उर्फ चीनी की भूमिका भी सामने आई। उसके बयान के मुताबिक, शुभम सोनी उसे नशीले पदार्थ मंगाने के लिए पैसे देता था। इसके बाद वह अमनदीप सिंह छाबड़ा के बताए बैंक खाते में रकम जमा करवाता था। अमनदीप कथित तौर पर वाट्सऐप और स्नैपचैट के जरिए नशीले पदार्थों की तस्वीरें भेजता था। इसके बाद आर्यन ठाकरे सुनसान स्थान पर खेप लेकर पहुंचता था। अभिषेक उससे नशीले पदार्थ लेकर शुभम सोनी तक पहुंचाता था। इस काम के बदले उसे प्रत्येक खेप पर 25 हजार रुपये कमीशन मिलने की बात सामने आई थी। पूछताछ में तीन लाख रुपये एक अन्य व्यक्ति नाजरे आलम के कोटक महिंद्रा बैंक खाते में जमा कराने का भी उल्लेख किया गया।

          कसोल के होटल में मैनेजर था आर्यन, रायपुर लेकर आया था कोकीन

          पुलिस जांच में हिमाचल प्रदेश के कसोल स्थित होटल एप्पल पाई का नाम भी सामने आया। आर्यन ठाकरे के बयान के अनुसार, उसने अमनदीप छाबड़ा और सत्यप्रकाश शास्त्री के साथ मिलकर यह होटल लीज पर लिया था। आर्यन वहां प्रबंधक के रूप में काम करता था और उसे 25 हजार रुपये प्रतिमाह वेतन मिलता था। आर्यन ने बताया था कि 21 सितंबर 2024 को सत्यप्रकाश शास्त्री ने उसे प्लास्टिक की पन्नी में सफेद पाउडर दिया था, जिसे लेकर वह कसोल से रायपुर आया था। पुलिस ने उसके पास से 65.50 ग्राम कोकीन और रेडमी कंपनी का मोबाइल बरामद किया था। जांच में सामने आया कि आर्यन को 25 सितंबर 2024 की सुबह करीब 10 से 11 बजे के बीच रायपुर के नरैया तालाब के पास पहुंचने के निर्देश दिए गए थे। वहां अभिषेक साहू या उसका कोई अन्य साथी कोकीन की खेप लेने आने वाला था। आर्यन ने कथित तौर पर कोकीन का पैकेट अपनी पैंट की जेब में रखा था। इसके बाद इस खेप को रायपुर में खपाने की तैयारी थी।

          नाइजीरियाई नागरिक और दिल्ली के लोगों से जुड़े थे तार

          पुलिस की जांच के मुताबिक, अमनदीप छाबड़ा और सत्यप्रकाश शास्त्री कसोल में होटल संचालित कर रहे थे। नशीले पदार्थों की खरीद के लिए नाइजीरियाई नागरिक इनोसेंट और दिल्ली में मौजूद अन्य लोगों से संपर्क किया जाता था। इनोसेंट से एमडीएमए और कोकीन जबकि अन्य स्रोतों से चरस प्राप्त किए जाने की बात सामने आई थी। आरोपियों के बीच बैंक खातों के माध्यम से रकम का लेनदेन होता था। इसके बाद आर्यन ठाकरे के जरिए नशीले पदार्थ रायपुर भेजे जाते थे। प्रत्येक खेप के लिए उसे 25 हजार रुपये के अलावा आने-जाने का किराया भी दिया जाता था। रायपुर पहुंचने पर खेप अभिषेक साहू को सौंपी जाती थी, जिसके जरिए आगे इसकी बिक्री की जाती थी।

          तीन आरोपियों की सजा से तस्करी नेटवर्क को बड़ा झटका

          लंबी सुनवाई और 20 गवाहों के बयान के बाद अदालत ने तीन आरोपियों को दोषी मानते हुए 20-20 साल के कारावास की सजा सुनाई है। वहीं, पर्याप्त साक्ष्य नहीं मिलने के कारण छह आरोपियों को संदेह का लाभ देकर बरी कर दिया गया। अदालत के इस फैसले से रायपुर में सामने आए अंतरराज्यीय नशा तस्करी नेटवर्क का मामला एक बार फिर चर्चा में आ गया है।

          वर्दी में ड्रग तस्करी करते सिपाही रंगे हाथ गिरफ्तार, पंजाब व दिल्ली से मंगाता था ड्रग्स

              Share post:

              Popular

              More like this
              Related