चांशल की दुर्गम पहाड़ियों में 6 किलोमीटर की कठिन ट्रेकिंग कर हासिल की उपलब्धि, हिमाचल के एडवेंचर कैंप में छत्तीसगढ़ का कर रहे प्रतिनिधित्व
जगदलपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। बस्तर के युवा अब अपनी प्रतिभा और साहस से देशभर में पहचान बना रहे हैं। इसी कड़ी में जगदलपुर के शासकीय काकतीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) कैडेट भुवनेश्वर कश्यप ने हिमाचल प्रदेश की चांशल पहाड़ियों में 14,830 फीट की ऊंचाई तक पहुंचकर उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। उन्होंने करीब 6 किलोमीटर की कठिन पैदल ट्रेकिंग पूरी कर साहस, आत्मविश्वास और दृढ़ इच्छाशक्ति का परिचय दिया है।
हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले में स्थित रीजनल एडवेंचर स्पोर्ट्स सेंटर, हटकोटी में राष्ट्रीय सेवा योजना के अंतर्गत 10 दिवसीय साहसिक शिविर आयोजित किया जा रहा है। इसी शिविर में छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले के एनएसएस कैडेट विभिन्न साहसिक गतिविधियों में हिस्सा ले रहे हैं। शिविर के दौरान भुवनेश्वर कश्यप ने चांशल की पहाड़ियों में कठिन चढ़ाई और दुर्गम रास्तों को पार करते हुए समुद्र तल से 14,830 फीट की ऊंचाई हासिल की। हिमालय की विशाल पर्वत श्रृंखलाओं और प्राकृतिक सौंदर्य के बीच यह अनुभव उनके लिए यादगार बन गया। इस उपलब्धि के दौरान भुवनेश्वर कश्यप ने चांशल की पहाड़ियों पर राष्ट्रीय सेवा योजना का बैनर प्रदर्शित किया। बस्तर की धरती से निकलकर हिमाचल की ऊंची पर्वत श्रृंखलाओं तक पहुंचकर उन्होंने अपने महाविद्यालय, जिले और छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाया है।
शिविर में दिया जा रहा साहसिक गतिविधियों का प्रशिक्षण
हटकोटी में आयोजित 10 दिवसीय शिविर में कैडेटों को पर्वतीय ट्रेकिंग, वैली क्रॉसिंग और रस्सियों के सहारे पहाड़ी गतिविधियों सहित कई साहसिक कार्यों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसके साथ ही टीम भावना, अनुशासन और आपसी सहयोग पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है। इन गतिविधियों का उद्देश्य युवाओं में नेतृत्व क्षमता, आत्मनिर्भरता, शारीरिक दक्षता और कठिन परिस्थितियों का सामना करने का आत्मविश्वास विकसित करना है।
महाविद्यालय के प्राचार्य और कार्यक्रम अधिकारी का मार्गदर्शन
इस उपलब्धि में शासकीय काकतीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय जगदलपुर के प्राचार्य डॉ. अनिल कुमार श्रीवास्तव और राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी दुर्गेश देवांगन का मार्गदर्शन एवं प्रोत्साहन महत्वपूर्ण रहा है। उनके निर्देशन में महाविद्यालय के एनएसएस कैडेट सामाजिक, शैक्षणिक और साहसिक गतिविधियों में लगातार सक्रिय भागीदारी कर रहे हैं। भुवनेश्वर कश्यप की यह उपलब्धि बस्तर के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने साबित किया है कि मजबूत इच्छाशक्ति, मेहनत और निरंतर प्रयास से कठिन से कठिन लक्ष्य भी हासिल किए जा सकते हैं।

