बिलासपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। सिविल जज (सीनियर डिवीजन) के पदों पर होने वाली सीमित प्रतियोगी परीक्षा को छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने आगामी आदेश तक स्थगित कर दिया है। यह परीक्षा 20 सितंबर 2026 को प्रस्तावित थी। परीक्षा स्थगित करने के पीछे न्यायिक अधिकारियों की सेवानिवृत्ति आयु बढ़ाने को लेकर सुप्रीम कोर्ट के हालिया निर्देशों को प्रमुख वजह बताया गया है।
हाईकोर्ट के रजिस्ट्रार जनरल रजनीश श्रीवास्तव की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार न्यायिक अधिकारियों की सेवानिवृत्ति आयु बढ़ाने का मामला फिलहाल राज्य शासन के समक्ष विचाराधीन है। इसी कारण सीमित प्रतियोगी परीक्षा को अगले आदेश तक रोकने का निर्णय लिया गया है। सुप्रीम कोर्ट ने 5 अगस्त 2026 को ऑल इंडिया जजेस एसोसिएशन मामले में न्यायिक अधिकारियों की सेवानिवृत्ति आयु को लेकर महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी किए थे। राज्यों को न्यायिक अधिकारियों की रिटायरमेंट उम्र 60 से बढ़ाकर 62 वर्ष या अंतरिम रूप से 61 वर्ष करने के प्रस्ताव पर विचार करने के निर्देश दिए गए हैं। सुप्रीम कोर्ट ने यह भी कहा कि अनुभवी न्यायिक अधिकारियों की सेवाएं जारी रखना नई नियुक्तियों, प्रशिक्षण और पेंशन पर होने वाले खर्च की तुलना में अधिक व्यावहारिक हो सकता है।
अभ्यर्थियों को नई तारीख का इंतजार
हाईकोर्ट के इस फैसले से सीमित प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे न्यायिक अधिकारियों को फिलहाल परीक्षा की नई तारीख का इंतजार करना होगा। परीक्षा आगामी आदेश तक स्थगित रहेगी। राज्य शासन की ओर से सेवानिवृत्ति आयु को लेकर लिए जाने वाले निर्णय के बाद परीक्षा की अगली तारीख को लेकर स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है।

