हाईकमान के निर्देश पर छोड़ा पद, कहा- सभी विधायक एकजुट, सरकार के पास पूर्ण बहुमत
बेंगलुरु (एजेंसी)। कर्नाटक के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद सिद्धारमैया ने कहा कि उनके लिए राज्य का हित सर्वोपरि है और पार्टी के सभी विधायक एकजुट हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस हाईकमान के निर्देश पर उन्होंने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा सौंपा है।
इस्तीफे के बाद आयोजित प्रेस वार्ता में सिद्धारमैया ने कहा कि उन्होंने पहले ही स्पष्ट कर दिया था कि पार्टी नेतृत्व जब भी निर्देश देगा, वह पद छोड़ देंगे। उन्होंने बताया कि दो दिन पहले हाईकमान की ओर से इस्तीफा देने का निर्देश मिला था, जिसके बाद उन्होंने निर्धारित समयानुसार अपना इस्तीफा सौंप दिया। सिद्धारमैया ने कहा कि उन्होंने अपना इस्तीफा राज्यपाल कार्यालय में सचिव को सौंपा है, क्योंकि राज्यपाल फिलहाल बेंगलुरु में मौजूद नहीं हैं और देर रात लौटने की जानकारी दी गई है। उन्होंने विश्वास जताया कि राज्यपाल के लौटने के बाद संवैधानिक प्रक्रिया के तहत इस्तीफा स्वीकार कर लिया जाएगा।
आगे भी संगठन के निर्णयों का सम्मान
उन्होंने कहा कि सरकार के पास पूर्ण बहुमत है और संवैधानिक व्यवस्था के अनुरूप आगे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इस दौरान सिद्धारमैया ने कांग्रेस नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त करते हुए सोनिया गांधी, राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे को अवसर देने के लिए धन्यवाद दिया। सिद्धारमैया ने कहा कि उन्होंने हमेशा पार्टी अनुशासन को प्राथमिकता दी है और आगे भी संगठन के निर्णयों का सम्मान करते रहेंगे। उन्होंने दोहराया कि राज्य के हित और स्थिरता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जानी चाहिए।

