कोलकाता (एजेंसी)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को पश्चिम बंगाल के दमदम में आयोजित चुनावी रैली में तृणमूल कांग्रेस पर जोरदार निशाना साधा। उन्होंने कहा कि टीएमसी का दिया बुझने वाला है। बुझता दिया फडफ़ड़ाता है और बंगाल की जनता बदलाव चाहती है। पहले चरण के मतदान ने इसका संकेत दे दिया है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि राज्य में परिवर्तन की लहर चल रही है और जनता इस बार नई सरकार बनाने का मन बना चुकी है। उन्होंने महिलाओं के मुद्दे पर कहा कि भाजपा बेटियों के सपनों को टूटने नहीं देगी और महिलाओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी। इससे पहले केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में दावा किया कि 4 मई को भाजपा सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि बंगाल का अगला मुख्यमंत्री राज्य की धरती से होगा, लेकिन परिवारवाद से नहीं। राज्य में पहले चरण के मतदान में 152 सीटों पर 92.72 प्रतिशत रिकॉर्ड वोटिंग दर्ज की गई। दूसरे चरण का मतदान 29 अप्रैल को होगा, जबकि नतीजे 4 मई को घोषित किए जाएंगे।
पीएम आवास योजना के तहत 1.5 लाख की मदद
पीएम मोदी ने कहा, “आपका घर का सपना भी पूरा होगा। पीएम आवास योजना के तहत 1.5 लाख रुपये तक की मदद मिलेगी और जो घर बनेगा वो महिलाओं के नाम पर ही होगा। भाजपा बंगाल की हर बहन-बेटी के सपनों को पूरा करने और उनका जीवन आसान बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। बंगाल की बहनों से भाजपा का सीधा वादा है कि भाजपा आपको सुरक्षा देगी, भाजपा आपको सम्मान देगी और भाजपा से ही आपको समृद्धि मिलने वाली है।

