बिलासपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। मस्तूरी थाने में मोबाइल चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराने पहुंचे फेरीवाले युवक ने पुलिसकर्मियों पर मारपीट कर 5 हजार रुपए लेने का आरोप लगाया है। पीडि़त नकुल प्रसाद मांडरे ने एसएसपी कार्यालय में शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत के मुताबिक युवक गांव-गांव घूमकर साड़ी और कपड़े बेचता है। 11 सितंबर को मोबाइल चोरी होने के बाद वह रिपोर्ट दर्ज कराने मस्तूरी थाने पहुंचा था। पीडि़त नकुल प्रसाद मांडरे का आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने रिपोर्ट लिखने के बजाय उसके साथ मारपीट की और तलाशी के दौरान 2 हजार रुपए नकद ले लिए। इसके बाद 3 हजार रुपए ऑनलाइन ट्रांसफर करवाने का भी आरोप है। युवक ने ऑनलाइन भुगतान का प्रमाण शिकायत के साथ दिया है। पीडि़त युवक का कहना है कि मारपीट के दौरान थाना प्रभारी सलीम खाखा थाने में मौजूद थे, लेकिन उन्होंने पुलिसकर्मियों को नहीं रोका।
टीआई को हटाया, कपिलदेव को मिली जिम्मेदारी
शिकायत के बाद एसएसपी रजनेश सिंह ने मस्तूरी थाना प्रभारी सलीम खाखा को हटा दिया है। उनकी जगह निरीक्षक कपिलदेव चंद्रा को जिम्मेदारी दी गई है। स्थानांतरण आदेश में कार्रवाई का कारण प्रशासनिक बताया गया है। मामले में लगाए गए आरोपों की जांच के बाद स्थिति स्पष्ट होगी।

