जाति-धर्म के आधार पर 5 से 10 लाख रुपये में बेचते थे नवजात, फर्जी जन्म प्रमाण पत्र बनाकर खरीदारों को दिखाते थे असली माता-पिता

      Date:

      • मुफ्त इलाज और प्रसव का झांसा देकर गरीब गर्भवती महिलाओं को बनाते थे निशाना,10 शहरों तक फैला था नेटवर्क

          रायपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में नवजात बच्चों की खरीद-फरोख्त करने वाले एक संगठित गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। इस गिरोह का नेटवर्क केवल छत्तीसगढ़ तक सीमित नहीं था, बल्कि ओडिशा से लेकर मुंबई, गुजरात, हैदराबाद और चेन्नई सहित देश के करीब 10 शहरों तक इसके तार जुड़े होने के संकेत मिले हैं। गिरोह के सदस्य नवजात बच्चों की जाति, धर्म, जन्मतिथि और वजन जैसी जानकारियां बताकर 5 से 10 लाख रुपये तक में सौदा तय करते थे। इतना ही नहीं, खरीदार परिवार को बच्चा अपना दिखाने के लिए फर्जी जन्म प्रमाण पत्र तक तैयार करवाया जाता था।

          खरीद-फरोख्त

          इस मामले में पुलिस ने एक लैब टेक्नीशियन सहित तीन महिलाओं को गिरफ्तार किया है। पुलिस की शुरुआती जांच में 15 से 20 नवजात बच्चों की तस्वीरें और उनसे जुड़ी जानकारियां मिली हैं। आशंका है कि इस गिरोह के जरिए अब तक कई बच्चों की खरीद-फरोख्त की गई है। पुलिस अब पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। मामले का खुलासा ओडिशा के सुंदरगढ़ निवासी 21 वर्षीय गर्भवती महिला की शिकायत के बाद हुआ। आरोप है कि गिरोह की महिला सदस्य कृतिका साहू ने आर्थिक रूप से कमजोर गर्भवती महिला को अच्छे अस्पताल में मुफ्त इलाज और प्रसव कराने का भरोसा दिलाया था। इसके बाद महिला अपने परिजनों के साथ रायपुर पहुंची। गुढ़ियारी स्थित श्री साईं अस्पताल में उसका प्रसव कराया गया।

          आरोप है कि प्रसव के बाद महिला और उसके नवजात बच्चे को अलग-अलग स्थानों पर रखा गया। इसी बीच नवजात का भिलाई के एक दंपती से करीब 8 लाख रुपये में सौदा तय करने की तैयारी चल रही थी। महिला को आरोपियों की बातचीत से बच्चे को बेचे जाने की जानकारी मिल गई। इसके बाद 17 नवंबर को मौका पाकर वह वहां से निकलकर सीधे पुलिस के पास पहुंची। उसकी शिकायत पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि नवजात बच्चे का सौदा करीब 8 लाख रुपये में करने की बातचीत चल रही थी। इस रकम में से कृतिका साहू को 5 लाख रुपये और अहिल्या नामदेव को 3 लाख रुपये मिलने थे। बताया जा रहा है कि बच्चा कमजोर होने के कारण सौदे में देरी हो रही थी। हालांकि, महिला की शिकायत के बाद पुलिस की कार्रवाई से पहले ही यह सौदा नाकाम हो गया। जांच में यह भी सामने आया है कि नवजात बच्चों की देखभाल के नाम पर प्रतिदिन 500 रुपये तक दिए जाते थे। जिस महिला का प्रसव कराया जाता था, उसे कुछ समय तक अपने पास रखकर बच्चे को संभावित खरीदारों तक पहुंचाने की व्यवस्था की जाती थी।

          जाति, धर्म और वजन बताकर खरीदारों से करते थे संपर्क

          इस गिरोह का तरीका बेहद सुनियोजित बताया जा रहा है। गरीब और आर्थिक रूप से कमजोर गर्भवती महिलाओं को मुफ्त इलाज, प्रसव और बच्चे की देखभाल का भरोसा देकर अपने जाल में फंसाया जाता था। प्रसव के बाद नवजात बच्चों की तस्वीरें और उनकी पूरी जानकारी संभावित खरीदारों तक पहुंचाई जाती थी। पुलिस को आरोपियों के मोबाइल से वाट्सऐप बातचीत और डिजिटल जानकारियां मिली हैं। इनके माध्यम से बच्चों की तस्वीरें, जन्मतिथि, जाति, धर्म और वजन जैसी जानकारियां साझा की जाती थीं। इन्हीं विवरणों के आधार पर खरीदारों से रकम तय करने की बातचीत होती थी।

          फर्जी जन्म प्रमाण पत्र बनाकर छिपाते थे असली पहचान

          बच्चों की खरीद-फरोख्त को कानूनी प्रक्रिया जैसा दिखाने के लिए गिरोह फर्जी जन्म प्रमाण पत्र तैयार करवाता था। पुलिस की जांच में सामने आया है कि कुछ निजी अस्पतालों में गर्भवती महिला की जगह उस महिला का नाम दर्ज कराया जाता था, जिसे बच्चा चाहिए होता था। आरोप है कि अस्पताल के रजिस्टर और चिकित्सकीय दस्तावेजों में हेरफेर कर खरीदार दंपती को बच्चे का वास्तविक माता-पिता दर्शाने की तैयारी की जाती थी। इसके लिए अस्पतालों को करीब 10 हजार रुपये और प्रसव का खर्च अलग से दिए जाने की जानकारी सामने आई है।

          तीन निजी अस्पताल जांच के दायरे में, डॉक्टरों से पूछताछ

          पुलिस के मुताबिक, कृतिका साहू तीन निजी अस्पतालों में महिलाओं का प्रसव कराने के लिए संपर्क करती थी। सुंदरगढ़ की महिला का प्रसव गुढ़ियारी के एकता नगर स्थित श्री साईं अस्पताल में कराया गया था। मामले में अस्पताल की भूमिका की जांच की जा रही है। पुलिस ने गुढ़ियारी के शांति अस्पताल के एक डॉक्टर को हिरासत में लिया है, जबकि दो अन्य अस्पतालों के डॉक्टरों से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगा रही है कि फर्जी जन्म पंजीयन और प्रमाण पत्र तैयार कराने में किन लोगों की भूमिका रही है। जांच में दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ अलग से कार्रवाई की जा सकती है।

          ओडिशा से मुंबई और गुजरात तक फैले नेटवर्क की तलाश

          पुलिस की जांच में रायगढ़-ओडिशा सीमा क्षेत्र के अलावा बिलासपुर और मुंबई से जुड़े कुछ संदिग्ध संपर्क सामने आए हैं। इसके अलावा गुजरात, विशाखापट्टनम, हैदराबाद, चेन्नई और अहमदाबाद तक इस नेटवर्क के तार जुड़े होने के संकेत मिले हैं। आशंका है कि गिरोह में अलग-अलग लोगों की जिम्मेदारी तय थी। कुछ लोग गर्भवती महिलाओं को तलाशते थे, कुछ संभावित खरीदारों से संपर्क करते थे, जबकि अन्य लोग बच्चों को एक शहर से दूसरे शहर पहुंचाने और पैसों के लेनदेन का काम संभालते थे। बच्चों को सड़क मार्ग, ट्रेन और हवाई जहाज से दूसरे शहरों तक पहुंचाए जाने की जानकारी भी सामने आई है।

          15 से 20 बच्चों की तस्वीरें मिलीं, मोबाइल की फॉरेंसिक जांच से खुलेंगे राज

          पुलिस को आरोपियों के मोबाइल फोन से शुरुआती तौर पर 15 से 20 बच्चों की तस्वीरें और उनसे जुड़ा डेटा मिला है। हालांकि, पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यह संख्या अंतिम नहीं है। आशंका है कि आरोपियों ने कई महत्वपूर्ण जानकारियां मोबाइल से मिटा दी हैं। अब मोबाइल फोन को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा जाएगा। इससे पता चल सकेगा कि कितने बच्चों की तस्वीरें खरीदारों को भेजी गईं, कितने सौदे तय हुए और वास्तव में कितने नवजात बच्चों को दूसरे परिवारों तक पहुंचाया गया। पुलिस ने 17 नवंबर 2026 को आजाद चौक थाने में अपराध क्रमांक 307/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है। फिलहाल तीनों गिरफ्तार महिलाओं से पूछताछ जारी है। पुलिस का कहना है कि इस पूरे नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों, अस्पतालों की भूमिका और आर्थिक लेनदेन की गहन जांच की जा रही है। आने वाले दिनों में इस मामले में और भी गिरफ्तारियां हो सकती हैं।

              Share post:

              Popular

              More like this
              Related

              राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से राज्य निर्वाचन आयुक्त अजय सिंह ने की शिष्टाचार भेंट

              रायपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से छत्तीसगढ़ के राज्य निर्वाचन...