सेल्फी के दौरान एक छात्र का पैर फिसला, बचाने नदी में कूदे दो दोस्त भी तेज बहाव में बहे, तीनों चौकसे कॉलेज के छात्र थे
जांजगीर-चांपा (AkhandBharatHNKP.Com)। जिले के बलौदा थाना क्षेत्र के देवरी गांव स्थित हसदेव नदी में हुए दर्दनाक हादसे में लापता तीन छात्रों में से दो के शव करीब 48 घंटे बाद बरामद कर लिए गए। शनिवार को एक छात्र पवन लाल का शव मिलने के बाद रविवार सुबह बचाव दल ने मुरारी साहू और सचिन सिंह के शव भी बरामद कर लिए। तीनों छात्र बिलासपुर के चौकसे कॉलेज में बी.फार्मा प्रथम वर्ष में पढ़ते थे। मृतकों की पहचान मुरारी साहू (22), पवन लाल (22) और सचिन सिंह (23) के रूप में हुई है।
बता दे की शुक्रवार को कॉलेज के आठ छात्र-छात्राओं का दल पिकनिक मनाने देवरी पहुंचा था। नदी किनारे सेल्फी लेने के दौरान यह हादसा हुआ। बताया गया कि मुरारी, पवन और सचिन नदी किनारे सेल्फी ले रहे थे। इसी दौरान पवन का पैर फिसल गया और वह तेज बहाव में बहने लगा। उसे बचाने के लिए मुरारी और सचिन ने नदी में छलांग लगा दी। तेज धारा के कारण तीनों छात्र बह गए। घटना के बाद पुलिस और बचाव दल ने तत्काल तलाश अभियान शुरू किया।
48 घंटे तक चला तलाशी अभियान
घटना की सूचना मिलते ही बलौदा पुलिस मौके पर पहुंची। नगर सैनिक गोताखोरों के साथ एसडीआरएफ की टीम ने नदी के अलग-अलग हिस्सों में तलाशी शुरू की। बचाव अभियान में ड्रोन की भी मदद ली गई। शनिवार को घटनास्थल से आगे पवन लाल का शव बरामद हुआ था। रविवार सुबह एसडीआरएफ की टीम ने करीब 6:15 बजे मुरारी साहू और 7 बजे सचिन सिंह का शव बरामद किया। बताया जा रहा है कि दोनों के शव नदी में पत्थरों के नीचे बने खोखले हिस्से में फंसे हुए थे। पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। पोस्टमॉर्टम की कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे। पुलिस हादसे की परिस्थितियों की जांच कर रही है।

