पटना में खान सर की कोचिंग पर हमला, तीन आरोपी गिरफ्तार

      Date:

      • गार्ड से मारपीट, पथराव और पोस्टर फाड़ने का आरोप; छात्रों ने किया प्रदर्शन

      पटना (एजेंसी)। राजधानी पटना में चर्चित शिक्षक खान सर की कोचिंग संस्था पर मंगलवार देर रात हुए हमले के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक अन्य कोचिंग संस्थान के संचालक समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। घटना में कोचिंग के सुरक्षा गार्ड के घायल होने के साथ परिसर में तोड़फोड़ और पथराव की भी जानकारी सामने आई है।

          खान सर

          पुलिस के अनुसार, ज्ञान बिंदु कोचिंग के निदेशक रोशन आनंद तथा उनके दो सहयोगी अभिषेक और गौरव को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। खान सर ने आरोप लगाया है कि हमले में प्रतिद्वंद्वी कोचिंग संस्थान से जुड़े लोगों की भूमिका रही है। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें कुछ लोग सुरक्षा गार्ड को घेरकर मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। आरोप है कि हमलावरों ने परिसर में पथराव किया और कोचिंग संस्थान के पोस्टर तथा प्रचार सामग्री को भी नुकसान पहुंचाया। घायल गार्ड को इलाज के लिए पीएमसीएच में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद प्रारंभिक प्रतिक्रिया में खान सर ने गोलीबारी होने का दावा किया था, लेकिन बाद में उन्होंने अपने बयान में संशोधन करते हुए कहा कि तनावपूर्ण माहौल के कारण उन्हें स्थिति स्पष्ट रूप से समझ नहीं आई थी। पुलिस ने भी घटनास्थल पर फायरिंग की किसी घटना से इनकार किया है। दर्ज एफआईआर में भी गोली चलने का उल्लेख नहीं किया गया है।

          हमले के बाद बंद रही कोचिंग

          घटना के विरोध में बुधवार को कोचिंग संस्थान में कक्षाएं स्थगित कर दी गईं। बड़ी संख्या में छात्र कोचिंग परिसर के बाहर एकत्र हुए और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। छात्रों ने खान सर के समर्थन में नारेबाजी भी की। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि विवाद की शुरुआत एक पोस्टर को लेकर हुई। खान सर की कोचिंग के समीप स्थित ज्ञान बिंदु कोचिंग के बोर्ड के ऊपर एक प्रचार पोस्टर लगाए जाने को लेकर दोनों पक्षों के बीच तनाव उत्पन्न हुआ था। इसी विवाद के बाद मामला बढ़कर मारपीट और तोड़फोड़ तक पहुंच गया।

          सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच

          पटना के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय शर्मा ने बताया कि घटना की जांच सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर की जा रही है। उन्होंने कहा कि मामले में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। बता दे की  खान सर देश के चर्चित शिक्षकों में शामिल हैं और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराने के लिए जाने जाते हैं। वे पटना में जीएस रिसर्च सेंटर नामक कोचिंग संस्थान का संचालन करते हैं। सरल और सहज शिक्षण शैली के कारण सोशल मीडिया और यूट्यूब पर उनकी बड़ी लोकप्रियता है।

              Share post:

              Popular

              More like this
              Related

              भारतमाला घोटाले की जांच तेज, रिटायर्ड आईएएस जेके ध्रुव के ठिकानों पर ईडी की दबिश

              भिलाई (AkhandBharatHNKP.Com)। भारतमाला परियोजना से जुड़े कथित भूमि मुआवजा घोटाले...