महादेव सट्टा ऐप मामले में ED की कार्रवाई : कारोबारी विकास गर्ग दिल्ली से गिरफ्तार

      Date:

      • 940 करोड़ रुपये की संपत्ति पहले ही हो चुकी है जब्त, स्पेशल PMLA कोर्ट में होगी पेशी

      रायपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। महादेव ऑनलाइन बेटिंग ऐप से जुड़े बहुचर्चित मनी लॉन्ड्रिंग मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए कारोबारी विकास गर्ग को दिल्ली से गिरफ्तार किया है। दिल्ली की तीस हजारी कोर्ट ने उसे 24 घंटे की ट्रांजिट रिमांड पर ED को सौंप दिया है। एजेंसी उसे रायपुर लाकर स्पेशल PMLA कोर्ट में पेश करेगी, जहां कस्टोडियल रिमांड की मांग की जाएगी।

          महादेव ऑनलाइन बेटिंग ऐप

          एडिशनल सेशंस जज विजय शंकर ने विकास गर्ग को रायपुर ले जाकर पूछताछ की अनुमति दी है। ED का मानना है कि गर्ग से पूछताछ के दौरान महादेव बेटिंग ऐप के कथित मनी लॉन्ड्रिंग नेटवर्क, वित्तीय लेन-देन और इस सिंडिकेट से जुड़े अन्य आरोपियों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिल सकती है। ED ने हाल ही में विकास गर्ग से जुड़ी करीब 940.77 करोड़ रुपये की संपत्तियां कुर्क की थीं। जांच एजेंसी के अनुसार, अवैध सट्टेबाजी से अर्जित धन को फर्जी कंपनियों और जटिल वित्तीय लेन-देन के जरिए वैध बनाने की कोशिश की गई। आरोप है कि यह रकम गर्ग के नियंत्रण वाली कंपनियों में निवेश कर शेयर, अचल संपत्ति और अन्य परिसंपत्तियों में लगाई गई।

          हर महीने 450 करोड़ से अधिक का अवैध कारोबार

          ED की जांच छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में दर्ज एफआईआर के अलावा आंध्र प्रदेश और पश्चिम बंगाल सहित कई राज्यों में दर्ज मामलों के आधार पर शुरू हुई थी। जांच में सामने आया कि ऑनलाइन बेटिंग सिंडिकेट विदेश से संचालित फ्रेंचाइजी आधारित पैनल नेटवर्क के जरिए काम कर रहा था और इससे हर महीने 450 करोड़ रुपये से अधिक का अवैध कारोबार होने का दावा किया गया है। गौरतलब है कि महादेव ऑनलाइन बेटिंग ऐप का मुख्य आरोपी सौरभ चंद्राकर कुछ दिन पहले ओमान में गिरफ्तार किया गया था। उस पर फर्जी इंडोनेशियाई पासपोर्ट के जरिए ओमान में प्रवेश करने का आरोप है। इसके बाद ED ने मामले में अपनी जांच और तेज कर दी है।

          अब तक 3,800 करोड़ की संपत्ति अटैच

          ED के मुताबिक, महादेव ऑनलाइन बुक और स्काई एक्सचेंज बेटिंग नेटवर्क से जुड़े मामलों में अब तक करीब 3,800 करोड़ रुपये की चल-अचल एवं विदेशी संपत्तियां अटैच, जब्त या फ्रीज की जा चुकी हैं। एजेंसी इस मामले में सात बार संपत्तियां कुर्क कर चुकी है और रायपुर स्थित विशेष PMLA अदालत में कई अभियोजन शिकायतें भी दाखिल कर चुकी है। ED का कहना है कि मनी लॉन्ड्रिंग के पूरे नेटवर्क और इससे जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच अभी भी जारी है।

          महादेव बेटिंग ऐप मामले में ईडी की कार्रवाई, विकास गर्ग की 940 करोड़ की संपत्ति कुर्क

              Share post:

              Popular

              More like this
              Related