चोट और फिटनेस बने चुनौती, डॉक्टरों की जांच के बाद तय होगा अगला सीजन खेलेंगे या नहीं
नई दिल्ली (एजेंसी)। पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने आईपीएल में अपने भविष्य को लेकर बड़ा संकेत दिया है। उन्होंने कहा है कि दिसंबर से पहले फैसला करेंगे कि वह आईपीएल का एक और सीजन खेलेंगे या नहीं। फिलहाल उनकी फिटनेस और मेडिकल जांच के नतीजों पर सबकी नजरें टिकी हैं।
बेंगलुरु में आयोजित एक स्वास्थ्य कार्यक्रम के दौरान धोनी से आईपीएल में खेलने को लेकर सवाल किया गया। इस पर उन्होंने कहा कि मेडिकल जांच से पता चलेगा कि वह एक और सीजन खेलने के लिए फिट हैं या नहीं। धोनी पिछले सीजन में पिंडली की परेशानी के कारण पूरे आईपीएल में नहीं खेल सके थे। उनकी गैरमौजूदगी में चेन्नई सुपर किंग्स की टीम प्लेऑफ तक नहीं पहुंच पाई। धोनी ने अपनी फिटनेस को लेकर कहा कि डॉक्टरों को तय करना होगा कि उनका शरीर आईपीएल के एक और सीजन की चुनौती झेलने में सक्षम है या नहीं। उन्होंने मजाकिया अंदाज में अपने शरीर की तुलना पुरानी गाड़ी से करते हुए कहा कि डॉक्टरों को यह सुनिश्चित करना होगा कि यह गाड़ी सड़क पर ठीक से चलती रहे।
चेन्नई को दिला चुके हैं पांच खिताब
महेंद्र सिंह धोनी आईपीएल के सबसे सफल कप्तानों में शामिल हैं। उनकी कप्तानी में चेन्नई सुपर किंग्स ने पांच बार आईपीएल का खिताब जीता है। ऐसे में उनके अगले सीजन में खेलने या नहीं खेलने के फैसले का इंतजार प्रशंसकों के साथ-साथ चेन्नई के समर्थकों को भी रहेगा।

